लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आंचलिक विज्ञान नगरी में नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (NASI), लखनऊ चैप्टर के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। यह दिवस 1928 में सर सी.वी. रमन द्वारा रमन प्रभाव की खोज की स्मृति में मनाया जाता है, जिसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों से 1050 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

इस उत्सव में मॉडल मेकिंग कार्यशाला, रसायन विज्ञान प्रदर्शन, विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, विज्ञान फिल्म प्रदर्शन तथा “विकसित भारत थ्रू साइंस” विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आंचलिक विज्ञान नगरी के परियोजना समायोजक स्वरूप मंडल के स्वागत सम्भोदन से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिज्ञासा और तार्किक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर देशभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में डॉ. समन हबीब (मुख्य वैज्ञानिक, जैव रसायन एवं संरचनात्मक जीवविज्ञान प्रभाग, CSIR-CDRI), डॉ. संजय बत्रा (पूर्व वैज्ञानिक, CSIR-CDRI) तथा डॉ. आर.डी. त्रिपाठी (पूर्व वैज्ञानिक, सी.एस.आई.आर – राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एन.बी.आर.आई), उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. संजय बत्रा ने इस वर्ष की थीम “विज्ञान में महिलाएँ: विकसित भारत की उत्प्रेरक” पर प्रकाश डाला। उन्होंने बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागियों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की और विज्ञान एवं नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

डॉ. समन हबीब ने “परजीवी संक्रमण के खतरे से निपटने के लिए आधुनिक जीवविज्ञान” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि विज्ञान किस प्रकार संक्रामक रोगों से लड़ने में सहायता कर रहा है और विद्यार्थियों को शोध तथा वैज्ञानिक सोच में रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को प्रश्न पूछना, तार्किक रूप से सोचना और किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से पहले तथ्यों को समझना चाहिए।

कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय विज्ञान नगरी, लखनऊ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज, इंडिया (NASI), लखनऊ चैप्टर का आभार व्यक्त किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal