नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड महाराष्ट्र में एक पवन ऊर्जा परियोजना लगाने के लिए 1,736.25 करोड़ रुपये निवेश करेगी। कंपनी ने वर्ष 2035 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है। यह निवेश उसके नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में एक कदम है।गेल ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया कि शुक्रवार को हुई निदेशक मंडल की बैठक में 178.2 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अनुबंध मिलने के 24 महीनों के भीतर पूरी होने वाली यह परियोजना कंपनी के मौजूदा 117.95 मेगावाट के पोर्टफोलियो में इजाफा करेगी।इसके अलावा कंपनी के पास राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 27 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं भी हैं। वर्तमान में गेल की गुजरात में 19.2 मेगावाट, कर्नाटक में 38.1 मेगावाट और तमिलनाडु में 60.65 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजनाएं स्थित हैं। गेल भारत की सबसे बड़ी प्राकृतिक गैस पारेषण और विपणन कंपनी है। इसके पास लगभग 18,001 किलोमीटर का प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal