Thursday , February 26 2026

51 बटुकों का हुआ सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार, साधु-संतों ने दिया आशीर्वाद

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। श्री सद्गुरु कबीर साहेब वेद वेदांग गुरुकुलम के तत्वावधान में गुरुवार को श्री सद्गुरु कबीर जागू आश्रम, दसौली बसहा कुर्सी रोड पर द्वितीय सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से 51 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराया गया।

समारोह में श्री श्री 108 महंत योगेंद्र साहेब, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक सहित कई प्रमुख साधु-संतों ने बटुकों को आशीर्वाद प्रदान किया।

आयोजक ऋषि त्रिवेदी ने बताया कि यज्ञोपवीत समारोह की शुरुआत वैदिक विधि-विधान के साथ हुई। तय कार्यक्रम के अनुसार बटुक अपने परिजनों के साथ प्रातःकाल ही आश्रम परिसर में पहुंच गए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

गुरुकुलम के प्रधानाचार्य शिवपूजन दीक्षित ने बताया कि सामूहिक यज्ञोपवीत के पिछले दो आयोजनों की सफलता को देखते हुए अगली बार 101 बटुकों का एक साथ यज्ञोपवीत संस्कार कराने की योजना है।