लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्रांतिकारी वीर विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि के अवसर पर 26 फरवरी को प्लूटो हॉल, इन्दिरागांधी प्रतिष्ठान में होने जा रहे अभिनव भारत पार्टी के द्वितीय राष्ट्रीय अधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। अधिवेशन में शामिल होने के लिये मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे कम्प्यूटर बाबा, साधू-संतों सहित देश के विभिन्न राज्यों से कार्यकर्ताओं का देर रात तक पहुंचना जारी रहा। अधिवेशन में पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष की अधिकारिक घोषणा के साथ उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव और भावी रणनीति को लेकर चर्चा की जायेगी।
पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव ममता झा ने आज यहां जारी विज्ञप्ति में अधिवेशन की जानकारी देते हुये बताया कि अधिवेशन की तैयारियां पूरे उत्साह और व्यापक स्तर पर पूरी कर ली गयी हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा अनेक प्रमुख संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति की संभावना है। ममता झा ने कहा कि वीर सावरकर के विचारों “राजनीति का हिन्दूकरण और हिन्दुओं का सैनिकीकरण“ की वैचारिक पृष्ठभूमि पर गठित अभिनव भारत पार्टी स्वयं को चिंतन, आंदोलन और क्रांति की धारा से प्रेरित राजनीतिक संगठन मानती है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष चेतन शर्मा के नेतृत्व में पार्टी राष्ट्रवाद और सावरकर के विचारों को आधार बनाकर भारतीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रही है। अधिवेशन में संगठन विस्तार, राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रस्ताव तथा आगामी रणनीतियों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal