Tuesday , February 24 2026

AMITY UNIVERSITY : तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव “एमिफोरिया-2026” 25 फरवरी से

AMITY UNIVERSITY : तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव “एमिफोरिया-2026” 25 फरवरी से 

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विद्यार्थियों को अपनी कला, प्रतिभा और जिजीविषा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करने वाले एमिटी विश्‍वविद्यालय लखनऊ परिसर के बहुप्रतीक्षित वार्षिकोत्सव “एमिफोरिया-2026” का आयोजन 25 से 27 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।

प्रति कुलपति‍ एमिटी विश्‍वविद्यालय लखनऊ परिसर, प्रोफेसर, डा. अनिल वशिष्‍ठ सहित अन्‍य गणमान्‍य अतिथियों की उपस्थिति में एमिफोरिया-2026 का शुभारम्‍भ होगा।

‘एक्सप्लोर, एक्सपीरियंस, एन्जॉय’ थीम पर आधारित यह तीन दिवसीय आयोजन प्रतिभागियों के लिए रोमांचक प्रस्तुतियों, प्रतिस्पर्धात्मक आयोजनों और असीमित रचनात्मकता से भरपूर एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। यह भव्य उत्सव विभिन्न सांस्कृतिक, कलात्मक और तकनीकी प्रतियोगिताओं से परिपूर्ण होगा, जो पहले दिन से ही दर्शकों को आकर्षित करेगा।

एमिफोरिया-2026 में एमिटी विश्वविद्यालय के साथ-साथ देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनेगा। प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों के साथ अपनी रचनात्मक, बौद्धिक और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

एमिफोरिया विद्यार्थियों द्वारा ही आयोजित, समन्वित और संचालित किया जाता है, जिससे उन्हें नेतृत्व और प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। 7,000 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ एमिफोरिया-2026 नवाचार, रचनात्मकता और युवा ऊर्जा का उत्सव बनेगा।

उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक एवं प्रदर्शन कला, कला एवं डिजाइन, मनोरंजन, एडवेंचर एवं गेमिंग, शैक्षणिक, खानपान एवं लाइफस्टाइल, क्विज, व्यवसाय एवं नवाचार से संबंधित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रमुख प्रतियोगिताओं में कला संगम, एमिटी आइडल सीज़न-7, रंगमंच 3.0, हील्स एंड डील्स, एमिक्वेस्ट, रीलबाज़ी और पतंगबाज़ शामिल हैं।

तीन दिवसीय आयोजन के मुख्य आकर्षणों में पहले दिन ‘एक्सुबेरेंस’—मिस्टर एवं मिस एमिटी प्रतियोगिता, दूसरे दिन एमिटी डिजाइनर अवॉर्ड और तीसरे दिन ऊर्जावान रॉक फेस्ट का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान विशेष आयोजन के तहत राष्ट्रीय हिंदी कवि सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें अजहर इकबाल (मेरठ), चिराग शर्मा (अलीगढ़) तथा कवयित्री मणिका दूबे (जबलपुर) सहित कई प्रतिष्ठित कवि भाग लेंगे।

एमिफोरिया-2026 सिर्फ एक महोत्सव नहीं, बल्कि प्रतिभा, नवाचार और मनोरंजन का संगम है, जो छात्रों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और आनंद लेने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करता है। इस वर्ष का आयोजन अब तक का सबसे भव्य और रोमांचक होने जा रहा है, जहां पूरे देश के प्रतिभागी अपनी उत्कृष्टता को प्रदर्शित करेंगे।