Tuesday , February 24 2026

बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी भीड़

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में फैजुल्लागंज प्रथम वार्ड स्थित बेरी होटल के पास नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर की संयोजक, “दीपांजली स्वयं सहायता समूह” की सी.आर.पी ममता यादव रहीं। 

शिविर में मौजूद क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और बोरा फाउंडेशन व सेवा अस्पताल का यह प्रयास सराहनीय है। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन और सामान्य शारीरिक जांच की गयी। साथ ही साथ निःशुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

स्थानीय निवासियों ने इस चिकित्सा शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 154 लोगों ने अपनी जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया। डॉक्टर नेहा बाजपेई के नेतृत्व में मेडिकल की टीम ने मौसमी बीमारियों से बचाव और बेहतर जीवनशैली के लिए लोगों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर के सफल आयोजन हेतु शिविर संयोजक ममता यादव ने स्थानीय जनमानस को धन्यवाद दिया।