देहरादून : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत अपने दो दिवसीय प्रवास के तहत रविवार को देहरादून में आयोजित ‘प्रमुख जन गोष्ठी’ में संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय एवं नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत उत्तराखंड की राजधानी में यह गोष्ठी आयोजित की जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजन आज दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र ऑडिटोरियम, गढ़ी कैंट, देहरादून में होगा। सरसंघचालक डॉ. भागवत मुख्य वक्ता के रूप में देश की वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और संगठन की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखेंगे।संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में शिक्षाविदों, पूर्व सैनिकों, उद्योगजगत के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून की यह गोष्ठी उसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य समाज जीवन के विभिन्न आयामों में समन्वय और संवाद को सशक्त करना है।संघ प्रमुख रविवार रात 15 तिलक रोड स्थित प्रांत कार्यालय पहुंचे। 23 फरवरी को प्रातः वे तिलक रोड स्थित शाखा पर स्वयंसेवकों के साथ परिचय करेंगे। इसके उपरांत महानगर कार्यकारिणी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, विस्तार योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। इसी दिन उत्तराखंड प्रांत के सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। निर्धारित कार्यक्रमों के पश्चात वे 23 फरवरी की शाम देहरादून से रवाना होंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal