Friday , February 20 2026

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सदन में उठाया ITI निर्माण और सीवर की बदहाली का मुद्दा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने विधानसभा के बजट सत्र में नियम-301 के अंतर्गत क्षेत्र की दो गंभीर समस्याओं को सदन के पटल पर प्रमुखता से रखा। आई.टी.आई. निर्माण के लिए भूमि अनुमोदन की मांग पटल पर रखते हुए डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि लखनऊ उत्तर क्षेत्र में लगभग आठ वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा आई.टी.आई. की स्थापना को मंजूरी दी गई थी। निर्माण हेतु धनराशि भी स्वीकृत है, लेकिन भूमि का अंतिम अनुमोदन लंबित होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सदन के माध्यम से मांग की कि लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा चिह्नित भूमि का तत्काल अनुमोदन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए।

इसी क्रम में विधायक ने फैजुल्लागंज तृतीय स्थित प्रियदर्शिनी कॉलोनी (सेक्टर-बी) में सीवर की बदहाल व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि खुले और अवरुद्ध सीवर के कारण जलभराव और दुर्गंध से महामारी की आशंका बनी हुई है। उन्होंने नगर विकास मंत्री से मांग की कि जल-कल विभाग और सुएज इंडिया के अधिकारियों को तलब कर इस समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए। विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सदन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि इन दोनों ही परियोजनाओं का सीधा संबंध युवाओं के भविष्य और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य से है, अतः शासन स्तर पर इन पर त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।