छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को अभिनेता रितेश देशमुख ने अपने प्रशंसकों को खास तोहफा देते हुए अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का पहला पोस्टर जारी किया। इस ऐतिहासिक फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियो और मुंबई फिल्म कंपनी ने संयुक्त रूप से किया है, जबकि निर्देशन की कमान स्वयं रितेश देशमुख ने संभाली है। पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज तारीख का भी ऐलान किया गया है।पोस्टर में रितेश देशमुख मराठा राजा के रूप में बेहद प्रभावशाली और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “हमारे राजा, हमारा गौरव, हमारी विरासत।” फिल्म एक मई 2026 को महाराष्ट्र दिवस (मजदूर दिवस) के अवसर पर सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। यह फिल्म मराठी और हिंदी, दोनों भाषाओं में बनाई जा रही है।फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, जेनेलिया डिसूजा, विद्या बालन, फरदीन खान और महेश मांजरेकर सहित कई नामचीन कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बढ़ गई है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal