लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एक्सिस बैंक ने जनेश्वर मिश्रा पार्क में ‘फ्रॉड मुक्ति मंच’ नाम के एक नुक्कड़ नाटक के ज़रिए डिजिटल और वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया। यह पहल भारतीय रिज़र्व बैंक के वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत आयोजित की गई।
जनता तक डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश सरल तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से प्रस्तुत इस नुक्कड़ नाटक में आम धोखाधड़ी के तरीकों को दिखाया गया। जैसे ओटीपी स्कैम, बिजली बिल से जुड़ी ठगी, यूपीआई रिफंड स्कैम, फिशिंग और विशिंग के प्रयास, एटीएम कार्ड स्किमिंग और रिमोट एक्सेस फ्रॉड। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को धोखाधड़ी की पहचान करने, उससे बचने और उसकी रिपोर्ट करने के लिए व्यावहारिक जानकारी देना था।
कार्यक्रम में नॉर्थ ज़ोन 3 के रीजनल ब्रांच बैंकिंग हेड श्रीकेश पी. और लखनऊ सर्कल हैड कुणाल गुप्ता शामिल थे। इस अवसर पर श्री श्रीकेश पी. ने कहा, “एक्सिस बैंक में हमारे ग्राहकों की सुरक्षा और विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है। डिजिटल सेवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ ही धोखेबाज़ भी अपने तरीकों में बदलाव कर रहे हैं। ऐसे में नागरिकों का जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। ‘फ्रॉड मुक्ति मंच’ के माध्यम से हम समुदायों से जुड़कर आसान और प्रभावी तरीके से जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal