लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. राम मनोहर मिश्र को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित पार्वती मल्ल जनपद देवरिया साहित्य श्री सम्मान प्रदान किया जाएगा। रविवार को सम्मान की औपचारिक घोषणा करते हुए बी.एम.एन. सेवा संस्थान के कार्यक्रम प्रमुख अमित कुमार ने बताया कि यह सम्मान साहित्य, प्रशासन एवं समाजसेवा, तीनों क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। सम्मान समारोह आगामी 22 फरवरी को हिन्दी संस्थान में आयोजित होगा।
मूलतः जनपद देवरिया निवासी डॉ. राम मनोहर मिश्र की काव्य कृतियाँ पहचान एवं लाड़ली प्रकाशित हैं। उनकी काव्य कृति पहचान को राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान द्वारा कवयित्री महादेवी वर्मा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्राचीन इतिहास, पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग से स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के पश्चात प्राचीन भारत में शिल्प और शिल्पी एक सामाजिक-आर्थिक अध्ययन द्वितीय शती ईसा पूर्व से 750 ईस्वी तक विषय पर पीएचडी की उपाधि अर्जित की है।
प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया तथा जिलाधिकारी अमेठी के पद को भी सुशोभित किया। साहित्य सृजन में भी उनकी सक्रियता उल्लेखनीय रही है। उनकी अनेक लघुकथाएँ एवं कहानियाँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा उनकी कविताएँ साझा संकलन काव्यवाटिका के पंचदश पुष्प में भी प्रकाशित हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2005 में विकलांग कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु यूपी के तत्कालीन राज्यपाल टी.बी. राजेश्वर द्वारा उन्हें राज्य स्तरीय सम्मान से भी अलंकृत किया जा चुका है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal