Sunday , February 15 2026

डीओपीपीडब्ल्यू ने बढ़ाई अपनी डिजिटल पहुंच

नई दिल्ली : केंद्र सरकार की ‘ईज ऑफ लिविंग’ पहल को आगे बढ़ाते हुए, पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) ने पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान और जागरूकता के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का रुख किया है।यह विभाग अब यूट्यूब, फेसबुक और एक्स के माध्यम से पेंशनभोगियों से सीधा संवाद कर रहा है, ताकि उनकी शंकाओं का त्वरित समाधान किया जा सके।विभाग ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर छोटे और सूचनात्मक वीडियो की एक श्रृंखला शुरू की है। इन वीडियो में जटिल पेंशन नियमों, प्रक्रियाओं और मिलने वाले लाभों को बेहद सरल और नागरिक-अनुकूल तरीके से समझाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों के बीच भ्रम को कम करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना है।फेसबुक के माध्यम से विभाग नियमित रूप से जागरूकता सामग्री और अपडेट साझा कर रहा है। यहां पेंशनभोगी और उनके परिवार सीधे प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।वहीं, एक्स पर अंतर-मंत्रालयी टैगिंग के जरिए महत्वपूर्ण संदेशों को तेजी से प्रसारित किया जा रहा है, जिससे विभाग की पहुंच और दृश्यता में व्यापक सुधार हुआ है।बहु-प्लेटफॉर्म डिजिटल रणनीति अपनाकर पारदर्शिता लाना और शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करना है, ताकि हर लाभार्थी तक सही जानकारी समय पर पहुंच सके।सरकार की यह पहल न केवल पेंशनभोगियों को कार्यालयों के चक्कर काटने से बचाएगी, बल्कि उन्हें घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान पाने में भी मदद करेगी।