Saturday , February 14 2026

पुलवामा शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि

वीर जवानों के अमर बलिदान को किया नमन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आशियाना स्थित सीआरपीएफ 93 बटालियन मुख्यालय में शनिवार को पुलवामा घटना के स्मृति दिवस पर वीर शहीदों का श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वर्ष 2019 की 14 फरवरी को जम्मू से श्रीनगर जा रहे सी.आर.पी.एफ. काफिले पर पुलवामा के लेथपोरा में आतंकियों द्वारा किए गए आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। राष्ट्र इस दिन को पुलवामा शहीद दिवस के रूप में याद करता है।

इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट डी.एन. यादव, द्वितीय कमान अधिकारी अनिल कुमार सिंह, उप-कमांडेंट रमेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह तथा सहायक कमांडेंट राजीव थापा सहित सभी अधिकारियों व जवानों ने शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

साथ ही उप-कमांडेंट अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में सीआरपीएफ टीम ने शहीद राम वकील पूर्व हवलदार-जीडी के पैतृक ग्राम विनायकपुर जनपद मैनपुरी पहुँचकर उनकी पत्नी गीता देवी एवं बच्चों को सम्मानित कर सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर आयोजित शहीद मेला में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित किए जिसमें स्थानीय प्रशासन, नागरिकों, पुलिस बल की उपस्थिति रही।