Sunday , February 15 2026

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी विदाई

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, विराट खण्ड, गोमती नगर में इंटरमीडिएट कक्षा के विद्यार्थियों का विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने अपने सीनियर विद्यार्थियों का स्वागत किया।

यह आयोजन विद्यालय के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल तथा उपप्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

समारोह के दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य, गीत एवं नाटिका शामिल रहे। विद्यार्थियों ने रैंप वॉक में भी भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत वरिष्ठ शिक्षिकाओं द्वारा प्रतिभागियों से रोचक प्रश्न पूछे गए। सीनियर विद्यार्थियों ने भी मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए तथा अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष एवं सचिव ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किए, आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश एवं प्रोत्साहन दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।