वरुण धवन इन दिनों अपनी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की सफलता का जश्न मना रहे हैं लेकिन इस फिल्म की रिलीज से पहले उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। ट्रेलर आने के बाद उनके मुस्कुराने के अंदाज को लेकर कई मीम्स बने और आलोचनाएं हुईं। हालांकि फिल्म रिलीज होते ही माहौल बदल गया। दर्शकों और समीक्षक, दोनों ने वरुण के अभिनय की जमकर तारीफ की और इसे उनके करियर के बेहतरीन प्रदर्शनों में शुमार किया जा रहा है। इस उतार-चढ़ाव भरे दौर में सलमान खान का साथ वरुण के लिए बड़ा सहारा साबित हुआ।हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ की सक्सेस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरुण ने खुलासा किया कि ट्रोलिंग के समय सलमान खान ने उन्हें हौसला दिया था। वरुण ने कहा कि आजकल ट्रोलिंग एक ट्रेंड बन चुका है और वह ऐसी बातों को दिल पर नहीं लेते। उन्होंने बताया कि जब उनकी मुस्कान पर मीम्स वायरल हो रहे थे, उसी दौरान देर रात सलमान खान का फोन आया। वरुण के मुताबिक, “वह बस हंस रहे थे और बोले– ‘अच्छी चीजें होने वाली हैं।’ उस वक्त उनका विश्वास मेरे लिए बहुत मायने रखता था।”वरुण ने बताया कि फिल्म की सफलता के बाद सलमान ने दोबारा फोन कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैं आप सबके लिए बहुत खुश हूं… मुझे तुम पर गर्व है बेटा।’ रात के दो बजे थे और मैं बिस्तर पर उठ गया। यह मेरे जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक था।”वरुण के अनुसार, सलमान आसानी से किसी की तारीफ नहीं करते, इसलिए उनके ये शब्द उन्हें लंबे समय तक प्रेरित करते रहेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal