Wednesday , February 11 2026

विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत गणना क्षमता, विजेताओं को मिला सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर (गर्ल्स विंग) में रॉयल एजुकेशन द्वारा इंटर स्कूल अबेकस प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी तीव्र गणना क्षमता, एकाग्रता एवं मानसिक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय दक्षता एवं आत्मविश्वास का विकास करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राकेश कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अबेकस शिक्षा बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज के प्रबंधक निदेशक एच.एन. जयसवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और ऐसे कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने पर बल दिया।

इस अवसर पर रॉयल एजुकेशन की ऑनर आकांक्षा चोपड़ा एवं सुरेश चोपड़ा के साथ सहयोगी प्रिया वर्मा, दीक्षा चोपड़ा और अंजू निगम उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।

प्रतियोगिता में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज, ब्राइट लैंड स्कूल, राम किशोर कॉन्वेंट इंटर कॉलेज तथा फ्लोरेंस नाइटिंगेल इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक आयोजन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा।