Wednesday , February 11 2026

ईसीआई ने चुनावी राज्यों में चलाया ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान

नई दिल्ली : चुनाव आयोग असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान चला रहा है। इन सभी राज्यों में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।चुनाव आयोग के अनुसार, यह जागरुकता अभियान सबसे पहले 23 जनवरी को पश्चिम बंगाल में शुरु हुआ। इसके बाद 25 जनवरी, 27 जनवरी, 3 फरवरी और 5 फरवरी को क्रमश: तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और असम में शुरू हुआ। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) मुख्यालय और रिटर्निंग ऑफिसर या राजस्व उप-डिवीजन मुख्यालयों पर ईवीएम डेमो सेंटर बनाए गए हैं। साथ ही मोबाइल डेमो वैन भी चलाई जा रही हैं, जो अलग-अलग मतदान केंद्रों तक जाकर लोगों के समक्ष मशीनों का प्रदर्शन कर रही हैं।आयोग ने बताया कि 10 फरवरी तक पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 1.20 लाख से ज्यादा मतदाता इन डेमो कैंपों में शामिल हो चुके हैं और 1.16 लाख से अधिक लोगों ने मॉक वोट डालकर मशीनों का अनुभव लिया। मोबाइल वैन अब तक करीब 29 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र स्थानों को कवर कर चुकी है।असम में 6,570 लोगों ने डेमो सेंटर का दौरा किया और 5,794 ने मॉक वोट डाले। केरल में 5,859 लोगों ने भाग लिया। पुडुचेरी में 6,474 मतदाताओं ने मॉक वोट डाले। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 75 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। पश्चिम बंगाल में 25 हजार से ज्यादा लोगों ने डेमो देखा और 22 हजार से अधिक ने मॉक वोट डाले।