नई दिल्ली : श्रीलंका/भारत में होने वाले आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ जोश हेज़लवुड बाहर हो गए हैं। फिटनेस हासिल करने की समय-सीमा पूरी न कर पाने के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने पुष्टि करते हुए कहा कि टीम प्रबंधन को उम्मीद थी कि हेज़लवुड सुपर-8 चरण तक मैच फिट हो जाएंगे, लेकिन ताज़ा मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी वापसी में अभी और समय लग सकता है। ऐसे में उनकी रिकवरी प्रक्रिया को तेज़ करना जोखिम भरा होता।डोडेमाइड ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा,“हम आशावान थे कि जोश सुपर-8 तक फिट हो जाएंगे, लेकिन अब साफ है कि उन्हें अभी और समय चाहिए। जल्दबाज़ी करने से चोट बढ़ने का खतरा है, इसलिए हमने यह फैसला लिया।”ऑस्ट्रेलिया फिलहाल हेज़लवुड के रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं करेगा। चयनकर्ताओं का मानना है कि शुरुआती मुकाबलों के लिए टीम संतुलित है और आगे की परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा।डोडेमाइड ने जोड़ा, “हम तुरंत किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की घोषणा नहीं करेंगे। शुरुआती मैचों के लिए हमारी टीम कवर में है, आगे ज़रूरत के हिसाब से फैसला लेंगे,” ।हेज़लवुड को एकीलिज की चोट है और वे सिडनी में रिहैब कर रहे थे। उन्होंने आखिरी बार अक्टूबर 2025 में भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज़ खेली थी। इससे पहले हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण वे एशेज़ की शुरुआत से बाहर हो गए थे और बाद में एकीलिज की चोट के चलते पूरी सीरीज़ नहीं खेल पाए।यह ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरा बड़ा झटका है, क्योंकि टीम पहले ही पैट कमिंस के बिना टूर्नामेंट खेल रही है। कमिंस पीठ की चोट से उबर रहे हैं और हाल के महीनों में उनका खेल सीमित रहा है। वे एशेज़ में सिर्फ एडिलेड टेस्ट ही खेल पाए थे।हालांकि, फिटनेस के मोर्चे पर कुछ राहत भी है। नाथन एलिस और टिम डेविड ग्रुप स्टेज के लिए उपलब्ध रहने की राह पर हैं, जबकि एडम ज़म्पा के कोलंबो में होने वाले पहले मैच में खेलने की उम्मीद है।टी20 कप्तान मिशेल मार्श ने तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण को लेकर भरोसा जताया।मार्श ने कहा,“पैट और जोश जैसे तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ियों की वजह से हमने अपनी टीम में गहराई बनाई है। जो खिलाड़ी आए हैं, उन्होंने काफी क्रिकेट खेला है और हमें उन पर पूरा भरोसा है। हम परिस्थितियों के हिसाब से टीम चुनेंगे।”उन्होंने आगे कहा कि ऑस्ट्रेलिया पिछले 18 महीनों में दुनिया की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में से एक रहा है और अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का अनुभव टीम के पास है।ऑस्ट्रेलिया अपना पहला ग्रुप मुकाबला आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा, जिसके लिए टीम के पास अब भी तैयारी का समय मौजूद है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal