Thursday , February 5 2026

जन-स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए गोमती नदी सफाई अभियान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नदी जल की महत्ता, स्वच्छता एवं जन-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लुलु हाइपरमार्केट, लुलु मॉल एवं लुलु फंटुरा के संयुक्त तत्वावधान में गोमती नदी की सफाई हेतु एक विशेष नदी स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य गोमती नदी के घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करना तथा समाज को स्वच्छ जल एवं स्वच्छ जीवन के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयlकुमार गंगाधरन (निदेशक – उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं तेलंगाना, लुलु समूह) ने गोमती नदी स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नदियाँ हमारे जीवन, संस्कृति और पर्यावरण की जीवनरेखा हैं। गोमती नदी की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि लुलु समूह भविष्य में भी गोमती नदी सहित पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े ऐसे अभियानों को निरंतर समर्थन देता रहेगा।

गोमती नदी स्वच्छता अभियान की परिकल्पना एवं पहल नोमान अज़ीज़ ख़ान (क्षेत्रीय निदेशक – उत्तर प्रदेश, तेलंगाना एवं दिल्ली) की दूरदर्शी सोच का परिणाम रही। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जल के महत्व को समझते हुए नदी स्वच्छता को सामाजिक दायित्व के रूप में देखा और इस अभियान की शुरुआत का विचार प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उपस्थित सुनील शर्मा (महाप्रबंधक – लुलु हाइपरमार्केट) ने कहा कि लुलु हाइपरमार्केट सदैव स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा मानता रहा है। उन्होंने गोमती नदी की सफाई में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

इस स्वच्छता अभियान में रंजीत सिंह (पार्षद, मनकामेश्वर वार्ड 7) के साथ-साथ नगर निगम निरीक्षक सुमित मिश्रा भी उपस्थित रहे। दोनों ने मौके पर पहुँचकर अभियान को अपना पूर्ण समर्थन दिया और गोमती नदी की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। 

शहर की जीवनरेखा गोमती को स्वच्छ और निर्मल बनाने का संकल्प अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। पार्षद रंजीत सिंह के नेतृत्व में स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना द्वारा हर रविवार चलाया जा रहा गोमती स्वच्छता अभियान लोगों को जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रहा है। इस निरंतर और निःस्वार्थ प्रयास की गूंज देश के सर्वोच्च मंच तक पहुँची, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 27 जुलाई 2025 को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण में इस अभियान की खुले मंच से सराहना की थी।

इस गोमती नदी स्वच्छता अभियान में लुलु समूह के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें सबतेन हुसैन, जनसंपर्क प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। सभी ने मिलकर गोमती नदी के घाट की सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई और स्वच्छता का संदेश आमजन तक पहुँचाया।