Wednesday , April 1 2026

देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रबल समर्थक थे लाला लाजपत राय : डा. नीरज बोरा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन यूपी द्वारा बुधवार को महान स्वतंत्रता सेनानी पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर प्रियदर्शिनी कॉलोनी स्थित संगठन के कार्यालय में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक डा. नीरज बोरा सहित पदाधिकारियों ने लाला लाजपत राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि लाला लाजपत राय केवल स्वतंत्रता आंदोलन के अमर सेनानी ही नहीं थे बल्कि वे देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रबल समर्थक और दूरदर्शी मनीषी भी थे। उन्होंने भारत के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देते हुए पंजाब नेशनल बैंक तथा लक्ष्मी बीमा कंपनी जैसी संस्थाओं की स्थापना की, जो आज भी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय का जीवन राष्ट्रभक्ति, साहस और सामाजिक चेतना का प्रतीक है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश महामंत्री डा. अजय गुप्ता, प्रदेश मंत्री हेमंत दयाल, महानगर महामंत्री विशाल गुप्ता, रवि गुप्ता, संजीव अग्रहरि सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।