Sunday , January 25 2026

उत्तरायणी कौथिग : बिखरा आरजे काव्य की आवाज़ का जादू, दिखी पहाड़ी लोकसंस्कृति

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंडित गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में आयोजित उत्तरायणी कौथिग में उत्तराखण्ड से आए ओहो रेडियो के संस्थापक एवं सीईओ कविन्द्र सिंह मेहता उर्फ आरजे काव्य की आवाज़ ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही आरजे काव्य मंच पर पहुंचे, खचाखच भरा कौथिग परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान कलाकार डॉ. अजय ढौंडियाल एवं दीवान कनवाल ने उत्तराखण्ड की प्रकृति और जन-संवेदनाओं के कवि शेरदा अनपढ़ के लोकप्रिय गीत “द्वी दिना ड्यार शेरूवा यो दुनि में” और “हम पहाड़ा का पंक्षी…” को युगल स्वर में प्रस्तुत कर श्रोताओं में उत्साह भर दिया। वहीं लखनऊ के लोकगायक आनंद कपकोटी ने “पंछी हुना उड़ी ऊना मैं तेरी मुलुक…” और “माही पाणि जी ज्यू तेरो मेरो हो…” जैसे गीतों से समां बांध दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड के बाल कलाकारों ने कोरियोग्राफर ध्रुव शुक्ला के निर्देशन में रामकृष्ण स्तुति पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की। झोड़ा प्रतियोगिता एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रेनू काण्डपाल (कुमांचल नगर), हरितिमा पंत (संगीत संस्कृति फाउंडेशन), नीलम जोशी (माही वेलफेयर सोसाइटी), भगवती पांगती (जोहार सांस्कृतिक संगठन), सुनीता (रामलीला समिति, महानगर) एवं मोहिनी धपोला (इंदिरा नगर) की प्रस्तुतियां विशेष रूप से सराही गईं।

पहाड़ की आवाज़, पहाड़ी धुनों पर देशी ठुमका, छपेली प्रतियोगिता एवं ‘झूमिगो सीजन-4’ का आयोजन पूर्व वर्षों की भांति सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। मीडिया प्रभारी भुवन पाण्डेय ने बताया कि रविवार होने के कारण दिनभर आगंतुकों की भारी भीड़ उमड़ी। स्टालों पर उमड़ी भीड़ और बिक्री से स्टालधारकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उत्तराखण्डी लोकगाथा पर आधारित नृत्य-नाटिका “आचरी” की प्रस्तुति पिंकी नौटियाल के नेतृत्व में दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में डॉ. महेन्द्र सिंह (सदस्य विधान परिषद एवं पूर्व मंत्री, उत्तर प्रदेश), नेहा जोशी (प्रदेश मंत्री भाजपा उत्तराखण्ड एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा), एडवोकेट ललित मोहन जोशी (चेयरमैन, सीआईएमएस एवं यूएचआईएमटी देहरादून), कविन्द्र सिंह मेहता (संस्थापक एवं सीईओ, ओहो रेडियो देहरादून) तथा निर्मला पंत (निदेशक, लखनऊ कैंसर इंस्टिट्यूट) शामिल रहे।

अतिथियों ने अनिमेष उप्रेती (एमडी), डॉ. सिद्धार्थ पंत, डॉ. रखोलिया पंत की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत संयोजक के.एन. चन्दोला, अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी, महासचिव महेंद्र सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, पारंपरिक टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

युवा प्रकोष्ठ द्वारा दिए जाने वाले सम्मानों में मिस उत्तरायणी जाह्नवी को दीपिका तिवारी एवं जानकी नयाल द्वारा तथा मिस्टर उत्तरायणी निलय बोरा को तारादत्त काण्डपाल एवं प्रेम सिंह फर्स्वाण द्वारा सम्मानित किया गया।

कौथिग के आयोजन को सफल बनाने में के.एन. पाण्डेय, देवेन्द्र मिश्रा, हरीश काण्डपाल, बसन्त भट्ट, शंकर पांडे, चंचल सिंह बोरा, पी. सी. पंत, लक्ष्मण सिंह धामी, कैलाश बिनवाल, उमेद सिंह दयोपा, पुष्कर नयाल, सुनील किमोठी, गोविन्द बोरा, आनन्द कपकोटी, ख्याली सिंह, के. एस. रावत, महेंद्र मेहता, बिशन दत्त जोशी, भीम सिंह मेहता, के. एन. पाठक, भुवन पाण्डेय, आनन्द भण्डारी, जितेन्द्र उपाध्याय, लक्ष्मण सिंह भण्डारी, कमल नेगी, के. सी. पंत, के. डी. पाण्डेय, गोपाल सिंह गैलाकोटी सहित अनेक गणमान्य लोगों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।