नई दिल्ली : तमिलनाडु विधानसभा द्वारा केंद्र सरकार के एक कानून विकसित भारत- जी राम जी के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतराज जताते हुए इसे असंवैधानिक बताया।पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शुक्रवार को सवाल उठाया कि जब संसद से कोई कानून पारित हो चुका हो और सुप्रीम कोर्ट ने भी उस पर रोक नही लगाई है तो किसी राज्य विधानसभा को उसके खिलाफ प्रस्ताव या बिल लाने का अधिकार कैसे हो सकता है।डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि संविधान के तहत संसद द्वारा पारित कानून पूरे देश में लागू होते हैं और सभी राज्यों पर बाध्यकारी होते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह किसी राज्य के कानून को न तो जिला पंचायत और न ही नगर निगम नकार सकते हैं, उसी तरह राज्य सरकारें भी संसद के कानून को ठुकरा नहीं सकतीं।उन्होंने तमिलनाडु और केरल सरकारों से सवाल करते हुए कहा कि अगर राज्य विधानसभा कोई कानून बनाती है तो क्या कोई स्थानीय निकाय यह कह सकता है कि वह उस कानून का पालन नहीं करेगा? जब इसका जवाब “नहीं” है, तो यही सिद्धांत राज्यों पर भी लागू होना चाहिए।भाजपा सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि जब संसद के कानून को खुलेआम चुनौती दी जा रही है, तब क्या इसे संविधान के लिए खतरा नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं, जिनमें डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर शामिल थे, ने स्पष्ट किया था कि संसद का कानून सभी नागरिकों पर लागू होता है।डॉ. त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल संविधान को सुविधा के अनुसार इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि वास्तव में संसद के कानूनों का पालन करना हर राज्य की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal