Sunday , January 11 2026

मतांतरण पर लगे विराम, युवाओं में राष्ट्र गौरव जगाना जरूरी : ऋतेश्वर महाराज

बाबर के नाम पर भारत में मस्जिद नहीं बननी चाहिए

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लव जिहाद को रोकने के लिए कठोर कानून बनना चाहिए। मतांतरण एक समस्या है, यह हो रहा है। इस पर भी विराम लगना चाहिए। शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उक्त बातें ऋतेश्वर महाराज ने कही। इस दौरान लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा भी मौजूद रहे।

एक प्रश्न के जवाब में ऋतेश्वर महाराज ने कहा कि बाबर के नाम पर भारत में कहीं भी मस्जिद नहीं बननी चाहिए। बाबर लुटेरा था। वह भारत को लूटने आया था। मस्जिद बनाना है तो मिशाइल मैन डा. ए. पीजे.अब्दुल कलाम के नाम पर बनाओ। हम तो कहेंगे भारत में आक्रान्ताओं के नाम पर रोड, बिल्डिंग कुछ भी नहीं होना चाहिए। 

हिन्दू राष्ट्र ही है भारत

हमारे ऋषि मुनियों म​हर्षियों ने कहा है कि भारत हिन्दू राष्ट्र ही है। भारत की 140 करोड़ की जनसंख्या सनातनी है। सनातनी संस्कार से पल्लवित पुष्पवित हैं। पूजा पद्धति भले ही बदली हो लेकिन सब हिन्दू ही हैं। इसलिए भारत तो हिन्दू राष्ट्र ही है।

उन्होंने कहा कि विश्व का कल्याण चाहता है भारत। हिन्दू जीवन जीने की पद्धति है। हिन्दुत्व ही मानवीय धर्म है। वसुधैव कुटुम्बकम। सर्वे भवन्तु सुखिन: क्या अन्य किसी मत में ऐसी भावना है। हिन्दुत्व पूरी मानवता,प्रकृति और ब्रह्माण्ड की भावना है।

शास्त्रों को शुद्ध करने की जरूरत

उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्र पूर्ण रूप से शुद्ध नहीं है। इसे दूषित किया गया है। इसलिए शास्त्रों को शुद्ध करने की जरूरत है। हीन भावना से ग्रस्त हिन्दुओं के अन्दर स्वाभिमान जगाने की जरूरत है। अभी भी हम मैकाले की शिक्षा प​द्धति पर चल रहे हैं। युवाओं में देश के प्रति गौरव का बोध नहीं है। राष्ट्र रहेगा तो सब कुछ रहेगा। राष्ट्र की एकता अखण्डता को अक्षुण बनाये रखने और युवाओं गौरव का बोध कराने के लिए राष्ट्र कथा की गयी। 

जेएनयू कैंपस में प्रधानमंत्री के बारे में अभद्र नारे लगाने के विषय पर उन्होंने कहा कि हमारा संविधान मनमानी करने का अधिकार किसी को नहीं देता है। उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कानून उनसे सख्ती से निपट भी रहा है। जहां से वह भटके हुए हैं उनकी मानसिकता में परिवर्तन लाने और उनमें गौरव का बोध जगाने की जरूरत है।