Sunday , April 19 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कदंबा नौसेना अड्डे का किया दौरा, आईएनएस वाघशीर पनडुब्बी में की ऐतिहासिक यात्रा

कारवार : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को पहली बार कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के कारवार स्थित कदंबा नौसेना अड्डे का दौरा किया और अरब सागर में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में यात्रा की। इसके साथ ही वे पनडुब्बी में यात्रा करने वाली भारत की दूसरी राष्ट्रपति बन गईं।कदंबा नौसेना अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मु का कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने गर्मजोशी से स्वागत किया।उल्लेखनीय है कि एशिया के सबसे बड़े नौसेना अड्डों में शामिल कदंबा नौसेना अड्डे के दूसरे चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। यह अड्डा अब युद्धपोतों और पनडुब्बियों के लिए एक प्रमुख रणनीतिक केंद्र के रूप में विकसित हो गया है। इसी परिसर में एक अत्याधुनिक मरम्मत यार्ड का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।नौसेना अड्डे के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आईएनएस वाघशीर पनडुब्बी में लगभग एक घंटे की ऐतिहासिक समुद्री यात्रा की। इस दौरान उनके साथ नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और रियर एडमिरल विक्रम मेनन सहित भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।राष्ट्रपति की यह यात्रा भारतीय नौसेना की बढ़ती सामरिक क्षमता, स्वदेशी रक्षा शक्ति और समुद्री सुरक्षा में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।——–