- लोक संस्कृति शोध संस्थान के वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा
- पद्मा गिडवानी और विमल पंत को मिलेगा लोक-रत्न
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा मंगलवार को वर्ष 2025 के वार्षिक सम्मानों की घोषणा की गई। लोक साहित्य में उल्लेखनीय कार्य करने वालीं कोलकाता की साहित्यकार डॉ. कल्पना दीक्षित, दिल्ली की डॉ. स्मृति त्रिपाठी और डॉ. रिन्दाना रहस्य सहित कुल 11 विभूतियों को इस वर्ष का लोक संस्कृति सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं दीर्घकालीन सांगीतिक योगदान के लिए वरिष्ठ लोकगायिका पद्मा गिडवानी तथा कुमाऊँ कोकिला के रूप में विख्यात विमल पंत को इस वर्ष का प्रतिष्ठित लोक रत्न सम्मान प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के अध्यक्ष इंजी. जीतेश श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान प्रतिवर्ष लोक संस्कृति के उन्नयन एवं संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 11 विभूतियों को सम्मानित करता है। इसी क्रम में मंगलवार को आयोजित बैठक में वर्ष 2025 के सम्मानों हेतु चयनित नामों की घोषणा सर्वसम्मति से की गई।

संस्थान की सचिव डॉ. सुधा द्विवेदी ने बताया कि लखनऊ की सुप्रसिद्ध गायिका डॉ. पूनम श्रीवास्तव को प्रो. कमला श्रीवास्तव स्मृति सम्मान, बुंदेली लोक संस्कृति अनुरागी पुष्पलता अग्रवाल को पद्मश्री डॉ. योगेश प्रवीन स्मृति सम्मान, दिल्ली विश्वविद्यालय संगीत संकाय की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ. स्मृति त्रिपाठी को आरती पाण्डेय स्मृति सम्मान, दूरदर्शन लखनऊ की पूर्व निदेशक रमा अरुण त्रिवेदी को प्रभा श्रीवास्तव स्मृति सम्मान, लोक संस्कृति अनुरागी वीना सक्सेना को सावित्री देवी स्मृति सम्मान, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कल्पना दीक्षित को रमावती देवी स्मृति सम्मान, दिल्ली विश्वविद्यालय संगीत संकाय की असिस्टेंट प्रोफ़ेसर डॉ. रिन्दाना रहस्य को शोभा देवी स्मृति सम्मान, आकाशवाणी लखनऊ के कार्यक्रम अधिशासी डॉ. सुशील कुमार राय को सीताराम तिवारी स्मृति सम्मान, गुलाबो–सिताबो के प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार मोहम्मद नौशाद को जे.पी. लम्बोदर स्मृति सम्मान, प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. अलका प्रमोद को पद्मश्री डॉ. विद्याविन्दु सिंह ध्वजवाहक लोक संस्कृति सम्मान तथा संस्कृतिकर्मी राजेन्द्र विश्वकर्मा को डॉ. रामबहादुर मिश्र ध्वजवाहक लोक संस्कृति सम्मान प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान 19 दिसम्बर को उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान परिसर में आयोजित दो-दिवसीय लोक विमर्श कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान किया जाएगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal