अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व और लोकहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए बैंक ऑफ़ बड़ौदा, अयोध्या क्षेत्र द्वारा नगर निगम अयोध्या के कर्मचारियों को जैकेट वितरित किए गए। यह पहल न केवल निगम के कर्मचारियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बैंक के सतत सहयोग की परंपरा को भी दर्शाती है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बैंक ऑफ़ बड़ौदा, अयोध्या क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक शशांक, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, तथा नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार उपस्थित रहे। साथ ही नगर निगम के अधिकारीगण, कर्मचारी एवं बैंक के स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
क्षेत्रीय प्रबंधक शशांक ने कहा, “बैंक ऑफ़ बड़ौदा केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँच बनाकर कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना हमारे बैंक की प्राथमिकता है। नगर निगम के कर्मचारी शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सहयोग और मेहनत के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए यह छोटा सा योगदान हमारे लिए गर्व का विषय है।”
बैंक ऑफ़ बड़ौदा समय-समय पर नगर में विभिन्न सामाजिक कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यक्रमों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करता रहा है। यह जैकेट वितरण कार्यक्रम भी सामाजिक सरोकारों के प्रति बैंक की संवेदनशीलता और सकारात्मक योगदान को उजागर करता है।