Sunday , August 17 2025

AKTU : धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इसके पहले शुरूआत कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने तिरंगा फहरा कर किया। इस मौके पर उन्होंने आजादी में अपनी प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद कर नमन किया। 

उन्होंने कहा कि आजादी के लिए बहुत सी कुर्बानियां दी गयी। हमारे पूर्वजों ने अपने जान न्योछावर कर दिया। तब जाकर आज हम इस खुली हवा में सांस ले रहे हैं। आज हम एक परिपक्व और जिम्मेदार लोकतंत्र के रूप में दुनिया में जाने जाते हैं। इस लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि विकसित भारत के लक्ष्य को पाने में सबसे अधिक जिम्मेदारी आप सभी की है। हमें अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि एक विकसित राष्ट्र बनने के लिए हमें अपना तंत्र तैयार करना होगा। तकनीकी रूप से सबल होना पड़ेगा। वर्तमान परिस्थितियों में भले ही हमारे सामने कई चुनौतियां हैं मगर पहले भी हम ऐसी स्थिति का सामना सफलतापूर्वक कर खुद को साबित कर चुके हैं। लेकिन हमें हमेशा आगे की ओर बढ़ने के लिए परिवर्तन को स्वीकारना होगा।

कार्यवाहक कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी केशव सिंह ने कहा कि आज का दिन हमारे लिये विशेष है। हमें इस दिन के महत्व को समझने की जरूरत है। एक नागरिक के तौर पर हमें अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों का भी भलिभांति आभास होना चाहिए। राष्ट्रनिर्माण में हमें अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि एक विकसित भारत बनाने में हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी आदि को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने ऐतिहासिक परिस्थितियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि आजादी के मूल्य को हमें समझना होगा। इसे पाने में बहुत कुछ खोना पड़ा। हमने बहुत प्रगति की। लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। इसलिए इस स्वतंत्रता दिवस देश की प्रगति में भागीदार बनने का संकल्प लेना होगा। इस मौके पर सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के निदेशक प्रो0 वीरेंद्र पाठक, आईईटी के निदेशक प्रो0 विनीत कंसल ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम के दौरान छोटी बच्चियां सौम्या और समृद्धि ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किये। साथ ही एमटेक के छात्रों ने भी प्रस्तुति दी। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया गया। इसके अलावा हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा बाइक रैली, म्यूजिकल कंसर्ट एवं तिरंगा मेला का भी आयोजन किया गया था।

इस मौके पर अधिष्ठाता छात्रकल्याण प्रो0 ओपी सिंह, अधिष्ठाता ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो0 बीएन मिश्रा, उप कुलसचिव डॉ0 आरके सिंह, उपकुलसचिव डॉ0 डीपी सिंह सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।