Thursday , July 31 2025

उप्र आदर्श व्यापार मण्डल : खाद्य सुरक्षा जागरूकता अभियान 16 अगस्त से

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाला खाद्यपदार्थ उपलब्ध कराने के लिए  जागरूकता अभियान शुरू किया। मंगलवार देर शाम उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अयोध्या रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की एवं किराना, रेस्टोरेंट एवं खाद्यान विक्रेताओं की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में सहायक खाद्य आयुक्त विजय प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीतिका केशरी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहम्मद शाकिब ने व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा विभाग के नियमों की विस्तार से जानकारी दी।

जागरुकता बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने एफएसएस एआई के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहाकि विभाग का उद्देश्य किसी व्यापारी का उत्पीड़न करना नहीं है बल्कि व्यापारियों को जागरूकता के साथ नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अधिकारियों से व्यापारियों को जागरूक करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के नियमों की जानकारी का प्रचार प्रसार और अधिक गति से किए जाने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहाकि विभाग को पहले बाजारों में जागरुकता अभियान चलाना चाहिए। 16 अगस्त से उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मण्डल राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाएगा।

संजय गुप्ता ने कहाकि संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ साथ नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितिका केसरी व्यापारियों को विस्तार से जानकारी दी।

व्यापारी जागरूकता बैठक में संगठन के नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह ,उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अजय प्रताप सिंह, संदीप गुप्ता, प्रकाश मोहन भार्गव, अभिषेक केसरवानी, दिनेश शर्मा, संतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।