नोएडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में नोएडा को सुपर स्वच्छता लीग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। नोएडा 3 से 10 लाख जनसंख्या वर्ग में सबसे स्वच्छ शहर रहा है। यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने प्राप्त किया।
यह राष्ट्रीय सम्मान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व तथा नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश मनोज कुमार सिंह और प्रमुख सचिव आलोक कुमार के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है, जिसने नोएडा को उत्कृष्ट नगरीय प्रशासन की दिशा में अग्रसर किया।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के कुशल नेतृत्व, नवाचार आधारित कार्यशैली से प्रेरित सामुदायिक भागीदारी से अपने वर्ग में नोएडा देश में स्वच्छ, प्रभावी और आदर्श शहर बना।
सीईओ ने बताया कि बीते एक वर्ष में नोएडा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सुधार, सभी वार्डों में नियमित सफाई अभियान, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता कार्यों की डिजिटल ट्रैकिंग जैसी अनेक पहलों को सफलतापूर्वक लागू किया।
यह सम्मान समन्वित प्रशासन, सक्रिय नगरीय प्रणाली और जागरूक नागरिकों की संयुक्त जीत है। नोएडा का यह सफर अब उन सभी शहरों के लिए प्रेरणा है, जो एक स्वच्छ, हरा-भरा और रहने योग्य भविष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal