इण्टरनेशनल वैश्य फेडरेशन की ओर से श्रद्धार्पण
लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चन्द्रभानु गुप्त की 124वीं जयन्ती पर इण्टरनेशनल वैश्य फेडरेशन (आईवीएफ) की ओर से सोमवार को उन्हें याद किया गया। हजरतगंज स्थित संगठन के शिविर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल समेत पदाधिकारियों ने चंद्रभानु गुप्त के चित्र पर पुष्पार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुनील अग्रवाल ने कहा कि चंद्रभानु गुप्ता ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका मानना था कि जनता से संवाद होना चाहिए। एक नेता के रूप में उन्होंने वंचित वर्ग को मुख्यधारा में लाने और शिक्षा का प्रकाश फैलाने का काम किया। श्री गुप्त को उत्तर प्रदेश के विकास का युग पुरूष बताते हुए उन्होंने कहा कि लगभग सत्रह बरस की उम्र में स्वतंत्रता आंदोलन में उतरे चंद्रभानु गुप्त ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिये साइमन कमीशन का विरोध किया था। देश की आज़ादी के लिये वे लगभग दस बार जेल भी गये।
इस अवसर पर मुख्य रूप से व्यापारी नेता सचिन कंछल, इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन महिला इकाई की महानगर अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, कार्यालय मंत्री अल्पना गुप्ता, कंचन गुप्ता, कैप्टन प्रखर गुप्त, राहुल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।