लखनऊ उत्तर की सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, गूंजा भारत माता की जय

विधायक डा. नीरज बोरा के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी के उत्तर क्षेत्र की भारत शौर्य तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार शाम क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा की अगुवाई में कपूरथला चौराहे से नेहरू बाल वाटिका तक निकली यात्रा में राष्ट्र की सैन्य ताकत और आत्मगौरव का प्रतीक ऑपरेशन सिंदूर देशभक्ति की झलकियों के साथ सड़कों पर जीवंत हो उठा। जिसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पूरे उत्साह से भारत माता के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान किया।

यात्रा की शुरुआत भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी, पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य डॉ. महेन्द्र सिंह, विधायक डा. नीरज बोरा आदि ने तिरंगा लहराकर की। यात्रा में सम्मिलित लोग राष्ट्रीय ध्वज लिए जोशीले नारे लगाते आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे माहौल और भी उत्सवधर्मी हो गया।

यात्रा में सबसे आगे धोती कुर्ता पहने बच्चे भारत जोश में आओ, पाकिस्तान होश में आओ और जय श्रीराम के जयकारे लगाते चल रहे थे।

विधायक डा. नीरज बोरा ने इस मौके पर ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि और सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सैन्य कार्रवाई में भारत ने 9 आतंकी अड्डों को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे देशवासियों का मनोबल और विश्वास और मजबूत हुआ है। इस अभियान के जरिए देश ने अपने नागरिकों को संकट से निकालने के साथ-साथ आतंक के ठिकानों को ध्वस्त कर यह संदेश दिया कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा।

पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि उन बहनों के सम्मान की पुनर्स्थापना है, जिनके सिंदूर छीनने की कोशिश की गई थी।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयम्बक त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान की धरती पर घुसकर आतंक के अड्डों को तहस-नहस कर दिया और यह बता दिया कि भारत की सहनशक्ति की भी एक सीमा है। उन्होंने कहा कि जो भी भारत की ओर आँख उठाएगा, वह अपने विनाश को बुलाएगा। तिरंगा यात्राओं में उमड़ा हुजूम इस बात का प्रमाण है कि देशवासी सेना के पराक्रम से गौरवान्वित हैं और एकजुट होकर राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खड़े हैं।

यात्रा में एकल अभियान महिला शाखा लखनऊ की अध्यक्ष बिन्दू बोरा, महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, डा. विवेक सिंह तोमर, टिंकू सोनकर, डा. शैलेन्द्र शर्मा अटल, सतीश वर्मा, अनुराग साहू, भाजपा के मण्डल अध्यक्षगण दयाशंकर पाण्डेय, रमन निगम, चन्द्रशेखर गुप्ता, शैलेन्द्र मौर्य, संजय तिवारी, पार्षदगण अनुराग मिश्र, मुन्ना मिश्रा, रंजीत सिंह, अभिलाषा कटियार, सी.बी.सिंह, स्वदेश सिंह, पृथ्वी गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, रश्मि सिंह, प्रियंका बाजपेयी, रामूदास कनौजिया, राजकुमारी मौर्या, निशा तिवारी, दीपक लोधी, राघवराम तिवारी, मान सिंह यादव, पूर्व पार्षद कैलाश यादव, पार्षद प्रतिनिधि सुदर्शन कटियार, सौरभ तिवारी, अंकुश बाजपेई, रामदेव सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, इण्टरनेशनल वैश्य फेडरेशन के महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल व कई अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे। 

यात्रा के मार्ग पर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। लोगों ने राह में फूल बरसाये। हर मोड़ पर लोग यात्रा का हिस्सा बनते गए जो विशाल जनसैलाब में तब्दील हो गई।