लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कायस्थ पाठशाला केपी ट्रस्ट प्रयागराज के ट्रस्टियों एवं आम कायस्थ समाज के लोगों ने बुधवार शाम गांधी प्रतिमा हजरतगंज में सांकेतिक धरना दिया।कायस्थ पाठशाला प्रयागराज के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार सिन्हा के समर्थन में आयोजित धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। डॉ. सुशील कुमार सिन्हा को हाल ही में विवादित रूप से अध्यक्ष पद से हटाए जाने का मामला सामने आया है।

प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम, सहायक निबंधक प्रयागराज तथा 2023 में अध्यक्ष पद के पराजित प्रत्याशी चौधरी राघवेंद्र सिंह पर “कूट रचित साजिश” रचने का आरोप लगाया। आरोप है कि कायस्थ्य पाठशाला की चुनाव नियमावली की अनदेखी कर एकतरफा निर्णय लेते हुए डॉ. सिन्हा को अध्यक्ष पद से पदच्युत किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी को सौंपा। जिसमें इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही किए जाने और कायस्थ्य पाठशाला की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पुनः स्थापना किए जाने की मांग की गई है।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष शेखर कुमार एवं निवर्तमान कायस्थ पाठशाला लखनऊ मेंबर इंचार्ज आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित धरने में निवर्तमान मेंबर इंचार्ज आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार, आर्किटेक्ट सुनील श्रीवास्तव, एडवोकेट अनुज श्रीवास्तव, मयंक श्रीवास्तव, पंकज खरे, वरिंदर निगम समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal