लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षाशास्त्र विभाग में डॉ. अर्पणा गोडबोले के मार्गदर्शन में शोध कार्य कर रही अर्चना पाल को महामना पं. मदन मोहन मालवीय के शैक्षिक विचारों पर उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए प्रथम महामना मालवीय शोध पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया गया।
रविवार को यह सम्मान महामना मालवीय मिशन, नई दिल्ली द्वारा उनके महत्वपूर्ण शोध कार्य “मालवीय जी के शिक्षा दर्शन का राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आलोक में विश्लेषण” के लिए प्रदान किया गया। जिसने महामना के शैक्षिक दर्शन की प्रासंगिकता को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में नवीन दृष्टिकोण से उजागर किया है।
प्रथम महामना मालवीय शोध पुरस्कार 2024, महामना मालवीय मिशन, नई दिल्ली की एक पहल है। जिसका उद्देश्य महामना पं. मदन मोहन मालवीय जी की दृष्टि पर आधारित शोध कार्यों को मान्यता प्रदान करना है। जो अकादमिक गहनता और सामाजिक प्रभाव को प्रतिबिंबित करते हैं। यह प्रतिष्ठित सम्मान न केवल लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह अन्य शोधकर्ताओं को भी उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता की दिशा में प्रेरित करता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal