Friday , April 18 2025

पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतवासियों को कराई गर्व की अनुभूति : डा. नीरज बोरा

  • लखनऊ उत्तर में हुआ भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन

  • मोदी सरकार के 11 और योगी सरकार के 8 साल की उपलब्धियां गिनाईं

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भाजपा स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत बुधवार को लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्त्ताओं का सम्मेलन हुआ। सीतापुर रोड स्थित रघुवर कृपा गेस्ट हाऊस में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्र, एमएलसी मुकेश शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी, लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भारत माता, पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्पण से किया। वक्ताओं ने मोदी सरकार के 11 और योगी सरकार के 8 साल की उपलब्धियां गिनाईं।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को गर्व की अनुभूति करायी है। एक समय था जब भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री ने कहा था कि विकास का धन जनता तक केवल 15 प्रतिशत ही पहुंचता है किन्तु आज मोदी जी के नेतृत्व में विकास का धन लाभार्थी के खाते तक पूरे सौ प्रतिशत पहुंच रहा है। उन्होंने केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से चर्चा की।

लखनऊ उत्तर में हुए कार्यों को गिनाते हुए कहाकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में लखनऊ उत्तर क्षेत्र विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी मार्च में इंजीनियरिंग कालेज पर फ्लाईओवर व अण्डरपास के लिए धन जारी कर दिया गया है। पक्का पुल के समानान्तर फोर लेन नया पुल, पीपा पुल के स्थान पर पक्का पुल जैसे कार्य विकास के प्रतिमान बनने जा रहे हैं।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र ने पार्टी के क्रियाकलापों की चर्चा करते हुए भाजपा सरकार में हुए कार्यों का उल्लेख किया। कश्मीर के मुख्य धारा में लौटने, महिलाओं को सम्मान देने से लेकर अन्त्योदय के सपने को साकार करने के प्रयासों की चर्चा की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह आप सबकी निष्ठा, समर्पण और अथक प्रयासों की ही परिणति है। एमएलसी मुकेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ‘गुड्डा’, टिंकू सोनकर, सौरभ वाल्मीकि, शैलेन्द्र शर्मा अटल, कार्यक्रम संयोजक राकेश पाण्डेय, मण्डल अध्यक्षगण दया पाण्डेय, रमन निगम, चन्द्रशेखर गुप्ता, शैलेन्द्र मौर्य, संजय तिवारी, कार्यसमिति सदस्य सतीश वर्मा, उत्तर क्षेत्र के सभी पार्षद, पूर्व पार्षद सहित पांचों मण्डलों के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।