लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन द्वारा इंडिया लेबर लाइन कार्यक्रम के तहत महिला श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ की विभिन्न बस्तियों से 50 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। इस आयोजन का उद्देश्य महिला श्रमिकों को उनके अधिकारों, सरकारी हेल्पलाइन नंबरों और कानूनी जानकारी से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोतवाली चिनहट से उप निरीक्षक राखी सिंह, उपनिरीक्षक प्रीति अहिरवार, महिला आरक्षी रुचि सिंह और विज्ञान फाउंडेशन से ऋचा चंद्रा मौजूद रही।

कार्यक्रम की शुरुआत में उपनिरीक्षक राखी सिंह ने उपस्थित सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और बताया कि यह दिन पूरी दुनिया में महिलाओं के सम्मान में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, “आप सभी मेहनत करने वाली महिलाएं हैं। अक्सर कार्यस्थल पर या अन्य स्थानों पर विवाद और घटनाओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों में 1090, 112, और 1930 शामिल हैं, जिनका उपयोग आप किसी भी आपातकालीन स्थिति में कर सकती हैं।”

महिला आरक्षी रुचि सिंह ने भी महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और बताया, “जैसे हम अपने परिचितों और रिश्तेदारों के नंबर अपने मोबाइल में सेव रखते हैं। वैसे ही इन हेल्पलाइन नंबरों को भी अपने फोन में सेव करें। ये नंबर आपकी मदद के लिए हैं और किसी भी समस्या के समय आप इनका लाभ ले सकती हैं।”

विज्ञान फाउंडेशन से ऋचा चंद्रा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया और कहा, “आज के दिन को महिलाओं के अधिकारों और उनके सम्मान के रूप में मनाया जा रहा है। कई संस्थाएं महिला श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। आपने अक्सर सुना होगा कि महिलाओं को काम के दौरान मजदूरी से संबंधित समस्याएं, या फिर कार्यस्थल पर हिंसा और दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसी परिस्थितियों में सरकार ने कई हेल्पलाइन नंबर और कानून बनाए हैं, जिनकी जानकारी होना बहुत जरूरी है। साथ ही, विज्ञान फाउंडेशन द्वारा इंडिया लेबर लाइन कार्यक्रम के तहत 1800 83390 20 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जिसे आप किसी भी मजदूरी चोरी, कार्यस्थल पर दुर्घटना या हिंसा की शिकायत के लिए उपयोग कर सकती हैं।”

कार्यक्रम का संचालन गुरु प्रसाद ने किया। इस दौरान लेबर लाइन से अमित सिंह, अमर सिंह, अदनान खान और लवकुश सिंह ने भी कार्यक्रम के आयोजन में अपना सहयोग दिया, जो सराहनीय था।
इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपनी सुरक्षा और मदद सुनिश्चित कर सकें। यह कार्यक्रम महिला श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जो उन्हें न केवल उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करता है, बल्कि उन्हें अपने सुरक्षा और सहायतार्थ उपलब्ध सरकारी संसाधनों का भी सही उपयोग करने का अवसर प्रदान करता है।