Thursday , March 13 2025

CII : उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका पर की चर्चा

  • प्रदेश की परिवर्तनकारी सफलता : उत्तर प्रदेश भारत के विकास के इंजन के रूप में उभरती अर्थ व्यवस्था पर विशेष सत्र का आयोजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) उत्तर प्रदेश ने हाल ही में अपनी वार्षिक सत्र 2025 का आयोजन किया। जिसके तहत “प्रदेश की परिवर्तनकारी सफलता: उत्तर प्रदेश भारत के विकास के इंजन के रूप में उभरती अर्थ व्यवस्था” पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।

सत्र को संबोधित करते हुए मनोज कुमार सिंह ने कहाकि उत्तर प्रदेश ने पिछले 7-8 वर्षों में एक उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। जिससे यह राजस्व अधिशेष राज्य के रूप में उभरा है और प्रदेश में एक सशक्त औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र स्थापित हुआ है। इस प्रगति ने वैश्विक स्तर पर उत्तर प्रदेश की छवि को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में सुदृढ़ किया है। महाकुंभ के अभूतपूर्व सफल आयोजन ने यह प्रमाणित किया कि उत्तर प्रदेश बड़े पैमाने पर वैश्विक आयोजनों को प्रभावी ढंग से करने में सक्षम है। 

उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट के आसपास का औद्योगिक विकास सराहनीय है, जो राज्य की बुनियादी ढांचा-केंद्रित विकास नीति को दर्शाता है। इस वर्ष के राज्य बजट में पांच नए एक्सप्रेसवे की घोषणा और उत्तर प्रदेश बायोप्लास्टिक नीति को एक गेमचेंजर बताते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के भविष्य को बेहद संभावनाशील बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राचीन शहरों जैसे मथुरा, कानपुर और मेरठ की भव्यता को पुनः स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचा सुधारों और विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने सम्बोधन में CII के सहयोग की सराहना की और UPGIS तथा वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसी प्रमुख पहलों में CII की महत्वपूर्ण भागीदारी की प्रशंसा की।

माधव सिंघानिया (अध्यक्ष, CII उत्तरी क्षेत्र एवं संयुक्त प्रबंध निदेशक एवं सीईओ, जेके सीमेंट लिमिटेड) ने कहा कि महाकुंभ के आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार की निष्पादन क्षमता बेजोड़ रही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उत्तर प्रदेश तेजी से वैश्विक औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हो रहा है और राज्य की आर्थिक रूपांतरण यात्रा को बल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि CII, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्मिता अग्रवाल (अध्यक्ष, CII उत्तर प्रदेश एवं निदेशक एवं सीएफओ, PTC इंडस्ट्रीज लिमिटेड) ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत के सबसे गतिशील आर्थिक केंद्रों में से एक बन चुका है। उन्होंने राज्य में औद्योगिक गलियारों के तेजी से विस्तार, UP ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता और महाकुंभ के सफल आयोजन का उल्लेख किया, जिससे पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला।

डॉ. उपासना अरोड़ा (उपाध्यक्ष, CII उत्तर प्रदेश एवं प्रबंध निदेशक, यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल्स) ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चिकित्सा संरचना में तेजी से प्रगति हो रही है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच मजबूत होने के साथ-साथ निवेश के लिए व्यापक अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग-विशिष्ट पार्कों, सिंगल विंडो क्लियरेंस और रणनीतिक प्रोत्साहनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश नवाचार, उद्यमिता और बड़े पैमाने पर निवेश के लिए आदर्श पारिस्थितिकी तंत्र तैयार कर रहा है।

वेद कृष्ण (ग्रुप सीईओ, पक्का लिमिटेड) ने कहा कि उत्तर प्रदेश हरित विनिर्माण और नवाचार को बढ़ावा देकर उद्योगों के लिए अपार अवसर पैदा कर रहा है, साथ ही पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को भी प्राथमिकता दे रहा है।

इस सत्र में 200 से अधिक हितधारकों ने भाग ले कार्यक्रम को सफल बनाया। इस मौके पर प्रशांत ए.एन. (क्षेत्रीय निदेशक, सीआईआई उत्तरी क्षेत्र), डॉ. उपासना अरोड़ा (उपाध्यक्ष, सीआईआई), माधव सिंघानिया (अध्यक्ष, सीआईआई उत्तरी क्षेत्र), स्मिता अग्रवाल (अध्यक्ष, सीआईआई उत्तर प्रदेश), वेद कृष्ण (समूह सीईओ, पक्का लिमिटेड) उपस्थित रहे।

उपासना अरोड़ा (प्रबंध निदेशक, यशोदा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल) ने सीआईआई उत्तर प्रदेश के वार्षिक सत्र में सी.आई.आई. उत्तर प्रदेश स्टेट कौंसिल की अध्यक्ष के रूप में तथा अभिषेक सर्राफ (प्रबंध निदेशक, अवध रेल इंफ़्रा लिमिटेड) ने उपाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।