लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मकर संक्रांति के अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन द्वारा पलटन छावनी और इंदिरा नगर के सी ब्लॉक स्थित आश्रय गृहों में खिचड़ी भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बेघर साथी, दिहाड़ी मजदूर और आसपास के सामाजिक लोग शामिल हुए। यह आयोजन समाज में एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम जोन 3 की अवर अभियंता नीतू वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समरसता और सहयोग की भावना बढ़ती है। उन्होंने इस तरह के सामाजिक कार्यों की सराहना की और इसे सकारात्मक दिशा में एक कदम बताया।

विज्ञान फाउंडेशन के रामायण यादव ने बताया कि इस खिचड़ी भोज में आसपास के सामाजिक लोगों को आमंत्रित किया गया था, साथ ही आश्रय गृह में ठहरने वाले बेघर लोगों को भी भोजन के लिए आमंत्रित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से हम सभी को एकजुट करने का प्रयास किया गया है।
दिहाड़ी मजदूर संगठन के संतोष यादव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से गरीब और जरूरतमंद लोगों को सामाजिक जीवन में सम्मान का अनुभव होता है और उनकी स्थिति में सुधार होता है।

सी ब्लॉक स्थित आश्रय गृह के शेर बहादुर ने इस तरह के आयोजनों को समाज में एकता और भाईचारे की भावना को प्रोत्साहित करने वाला बताया। दत्तो पंत ठेंगड़ी श्रम शिक्षा बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक सीपी सिंह ने इसे सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
पल्टन छावनी के शेल्टर मैनेजर अमर सिंह यादव ने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पूर्व पार्षद रूपाली गुप्ता और विनय श्रीवास्तव के सहयोग से आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज के कमजोर वर्गों के लिए एक संदेश जाता है कि वे अकेले नहीं हैं, समाज उनके साथ है।