लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आज का भारत समृद्ध भारत थीम प्रगति भारत महोत्सव 2024 का गुरुवार को आगाज हो गया। कांशीराम स्मृति उपवन सांस्कृतिक स्थल बंगला बाजार में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेविका नम्रता पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने नम्रता पाठक को संस्था की विशेष परंपरा के अनुसार तुलसी का पौधा एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
नम्रता पाठक ने कहाकि प्रगति भारत महोत्सव वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार कर रहा है। इस महोत्सव में छोटे-छोटे गांव कस्बों के तमाम उत्पाद के स्टॉल में लगाए गए हैं।

संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने महोत्सव के उद्घाटन के अवसर पर आए हुए सभी आगंतुकों का आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहाकि संस्था का उद्देश्य लोक संस्कृति, लोक कला तथा पर्यावरण को संरक्षित रखना है।

महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज रिदम डांस फैक्ट्री के डायरेक्टर सागर शान के नेतृत्व में गणेश वंदना से हुआ। इसी ग्रुप द्वारा घूमर डांस, सेमी क्लासिकल डांस एवं हरियाणवी डांस की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम को विद्या सिंह, अंकित यादव, प्रदीप यादव, संध्या, रूबी, आकाश, आंचल द्वारा प्रस्तुत किया गया।

संस्था के उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने बताया कि महोत्सव में निशुल्क उपचार हेतु योग्य डॉक्टरों द्वारा कैंप लगाया गया है, जिसका सभी लोग लाभ ले सकते है। उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, पार्षद कमलेश सिंह एवं पार्षद मान सिंह के अलावा प्रिया पाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।