Friday , October 18 2024

अंतर्राष्ट्रीय ब्रेस्ट कैंसर कॉन्फ्रेंस में प्रतिभाग करेंगे डॉ. जितिन यादव

कानपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रीजेंसी हेल्थ कानपुर के सीनियर कैंसर सर्जन डॉ. जितिन यादव 10 से 12 अक्टूबर, 2024 तक होने वाले अंतर्राष्ट्रीय ब्रेस्ट कैंसर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के लिए 9 अक्टूबर को इस्तांबुल के लिए रवाना होंगे। इस कांफ्रेंस में डॉ. यादव को अपना पेपर प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
डॉ. यादव का प्रजेंटेशन ट्रांसपोज़िशन फ्लैप तकनीक पर केंद्रित होगा, जो ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी में एक नया आविष्कार है। इसकी मदद से कैंसर इलाज़ के बाद आंशिक ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन के लिए एक प्रभावी और सरल समाधान का विकल्प मिलता है। यह तकनीक विशेष रूप से जहां संसाधन और एडवांस सर्जिकल प्रक्रियाओं की कमी होती है वहां ज्यादा फायदेमंद है।
डॉ. जितिन यादव ने कहा, “ट्रांसपोज़िशन फ्लैप तकनीक ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों को ब्रेस्ट टिश्यू को संरक्षित करने का विकल्प प्रदान करती है, जिससे कई केसों में पूर्ण मास्टेक्टॉमी से बचा जा सकता है। यह एक सस्ता और आसान समाधान है। यह कार्यात्मक और कॉस्मेटिक दोनों लाभ प्रदान कर सकता है, यह विशेष रूप से कम संसाधन वाले हॉस्पिटल में मरीजों के लिए फायदेमंद है। मुझे इस्तांबुल में इस पेपर को प्रस्तुत करने और दुनिया भर के दर्शकों के साथ इस तकनीक को पेश करने का सम्मान मिला है।”