Tuesday , September 17 2024

AKTU : कुछ इस अंदाज में मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस

  • काकोरी एक्शन प्लान पर आधारित लेजर शो रहा आकर्षण का केंद्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में गुरूवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। साथ ही काकोरी एक्शन प्लान पर आधारित लेजर लाइट शो का भी आकर्षक आयोजन किया गया। इसके पहले शुरूआत कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने तिरंगा फहरा कर किया।

इस मौके पर उन्होंने आजादी में अपनी प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद कर नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए बहुत सी कुर्बानियां दी गयी। हमारे पूर्वजों ने अपने जान न्योछावर कर दिया। तब जाकर आज हम इस खुली हवा में सांस ले रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि हमें गुलामी की बेड़ियों से मुक्ति मिली है।

कुलपति ने कहा कि 78 वर्षों की इस यात्रा में देश ने हर क्षेत्र में प्रगति की नई इबारत लिखी। बुनियादी सुविधायें, विज्ञान एवं तकनीकी, स्वास्थ्य, शिक्षा हर जगह हम किसी से कम नहीं हैं। स्वतंत्रता के बाद जो सबसे बड़ी उपलब्धि हमारे देश ने हासिल की वह है सशक्त लोकतंत्र की। आज हम एक परिपक्व और जिम्मेदार लोकतंत्र के रूप में दुनिया में जाने जाते हैं। इस लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि विकसित भारत के लक्ष्य को पाने में सबसे अधिक जिम्मेदारी आप सभी की है। हमें अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी के साथ निभाना चाहिए।

कुलसचिव रीना सिंह ने कहा कि आज का दिन हमारे लिये विशेष है। हमें इस दिन के महत्व को समझने की जरूरत है। एक नागरिक के तौर पर हमें अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों का भी भलीभांति आभास होना चाहिए। राष्ट्रनिर्माण में हमें अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि एक विकसित भारत बनाने में हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी आदि को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा।

प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि आजादी के जश्न में हमें अपने वीरों के बलिदान को भी याद रखना होगा। हमें यह मूल्यांकन करना होगा कि इन 78 वर्षें में हमने क्या हासिल किया है। आगे किस तरह देश को ले जाना है। यह बहुत जरूरी है। हमने बहुत प्रगति की। लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है। इसलिए इस स्वतंत्रता दिवस देश की प्रगति में भागीदार बनने का संकल्प लेना होगा।


वित्त अधिकारी केशव सिंह ने कहा कि हमें कोई भी दायित्व मिले उसे राष्ट्र प्रेम की भावना के साथ करना होगा। हमें व्यक्तिगत स्वार्थ से उपर उठकर देशहित में कार्य करना चाहिए। इस मौके पर सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के निदेशक प्रो. वीरेंद्र पाठक, आईईटी के निदेशक प्रो. विनीत कंसल ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

कार्यक्रम के दौरान छात्र भाव्या, अखिलेश, रविंद्र कुशवाहा, आनन्द कुशवाहा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किये। छोटी बच्चियां वेदांशी शर्मा और आयुक्ता यादव ने गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को कुलपति की पत्नी सरोज पाण्डेय ने सम्मानित किया। इसके बाद लेजर शो का आयोजन किया गया। जो कि बेहद आकर्षक एवं देशभक्ति से ओतप्रोत था। इसमें वायस ओवर एसो0 डीन इनोवेशन डॉ0 अनुज कुमार शर्मा ने किया। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्रकल्याण प्रो0 ओपी सिंह, अधिष्ठाता ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो0 बीएन मिश्रा, उप कुलसचिव डॉ0 आरके सिंह, उपकुलसचिव डॉ0 डीपी सिंह सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।