Sunday , September 8 2024

कृषि विभाग 2.80 करोड़ पौधे लगायेगा : सूर्य प्रताप शाही


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को कृषि भवन स्थित सभा कक्ष में ‘पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ‘ जन अभियान-2024 के तहत आगामी वृक्षारोपण लक्ष्य की प्राप्ति के संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने बताया कि योगी सरकार ने वर्ष 2024-25 में जनसहभागिता से 36.50 करोड़ पौध रोपण का लक्ष्य रखा है। इसमें से कृषि विभाग द्वारा 2.80 करोड़ पौधे इस वर्ष लगाए जाने हैं।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित कर ली जाएं और अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधों का संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विभाग के लिए निर्धारित लक्ष्य के 20 प्रतिशत फलदार वृक्ष अवश्य लगाएं जाने चाहिए।

इसके साथ ही हर खेत पर मेड़, हर मेड़ पर पेड़ के संकल्प को ध्यान में रखते हुए किसानों को इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदार बनाया जाए। एग्री जंक्शन तथा एफपीओ के सदस्यों को भी इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इसके साथ ही पौधरोपण के लिए कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान द्वारा भी व्यापक पौधारोपण कार्य किया जाय।

कृषि मंत्री ने इस अभियान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जनजागृति के अभियान चलाये जाएं और जनता को वृक्षारोपण के लाभों तथा कार्बन क्रेडिट के बारे में जागरूक किया जाए।


बैठक के दौरान सचिव कृषि अनुराग यादव ने कहा कि वृक्षारोपण के समय की गई सभी गतिविधियों का डॉक्यूमेंटेशन अवश्य किया जाए। उसे 2 दिन के भीतर शासन को उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों ने इस संबंध में अपनी तैयारियों और योजनाओं की जानकारी दी और अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की।

बैठक में कृषि निदेशक सहित कृषि विभाग के कई उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही कृषि विभाग के मंडलीय तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों ने वर्चुअल रूप से भागीदारी की।