Sunday , September 8 2024

लखनऊ पूर्वी : केंद्रीय रक्षामंत्री के 74वें जन्मदिन पर होंगे ये आयोजन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह का 74वां जन्‍मोत्‍सव 10 जुलाई को लखनऊ पूर्वी व‍िधानसभा में भी बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। पूर्वी व‍िधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्‍तव की पहल पर होने वाले इस आयोजन की तैयार‍ियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्‍य आयोजन भूतनाथ मंद‍िर पर रखा गया है। जहां शाम चार बजे संगीतमय सुंदरकाण्‍ड पाठ होगा। जिसमें पूर्वी व‍िधानसभा के सभी वार्डों के पार्षद, चारों मंडल अध्‍यक्ष, वार्ड अध्‍यक्ष, शक्‍त‍ि केन्‍द्र संयोजक, बूथ अध्‍यक्ष पन्‍ना प्रमुख तक संगठन के सभी पदाध‍िकारी मौजूद रहेंगे। मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी विधायक ओपी श्रीवास्तव ने दी।

उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे सी ब्लाक इंदिरा नगर में स्थित रानी झाँसी वाहिनी पार्क में 74 पौधों के रोपण से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। उत्‍तर प्रदेश के पर्यावरण वन एवं जलवायु मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्‍सेना कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस मौके पर लखनऊ पूर्व विधानसभा में 74 नए विकास कार्यो और 74 अविकसित पार्को के सौन्दर्यीकरण कार्यों का शुभारम्भ भी होगा। इसके बाद 11 बजे महानगर स्‍थ‍ित भाऊ राव देवरस अस्पताल में मरीजों को 74 किलो फल का वितरण क‍िया जाएगा। शाम चार बजे से भूतनाथ मंद‍िर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। जि‍समें 74 क‍िलो लडडू का भोग हनुमान जी को चढ़ाया जाएगा। 74 घी के दीपक हनुमान जी के आगे प्रज्‍जवल‍ित कर देश सेवा के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के लंबे जीवन और स्वास्थ्य की प्रार्थना की जाएगी। कार्यक्रम में व‍ित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना भी मौजूद रहेंगे।

विधायक ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रत्‍येक व्‍यवस्‍था के लि‍ये अलग-अलग टोलियां बनाकर कार्यकर्ताओं को जि‍म्‍मेदारी भी सौंप दी गई है। सभी आयोजनों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में बहुत जोश है। कार्यकर्ता केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्‍मोत्‍सव आयोजन को एत‍िहास‍िक बनाने में जुटे हैं।