Sunday , September 8 2024

लखनऊ उत्तर : भाजपा मतदाता अभिनन्दन कार्यक्रम में पुष्पवर्षा कर जताया आभार

तीसरी बार मोदी सरकार का श्रेय आपका : सुरेश खन्ना

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भाजपा ने लोकसभा निर्वाचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लखनऊ उत्तर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सोमवार को डालीगंज स्थित मानस मंदिर परिसर में आयोजित विधानसभा स्तरीय मतदाता अभिनन्दन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ हुआ।

समारोह को सम्बोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहाकि तीसरी बार मोदी सरकार का नारा साकार करने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिन रात मेहनत की है। लखनऊ में भाजपा की जीत सही मायने में कार्यकर्ताओं की जीत है। जिसका श्रेय क्षेत्रीय जनता, मतदाताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई।

क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर क्षेत्र में भाजपा को विधानसभा चुनाव से भी अधिक मत मिले। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में हुए लखनऊ के ऐतिहासिक विकास और सेवा कार्यों को जनता ने अपना आशीर्वाद दिया जो अभिनन्दनीय है। कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व मे लखनऊ के विकास की गति को नया आयाम मिलेगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने पार्टी के प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जीत का असली नायक बताया। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार राजनाथ जी को सम्मानित जीत दिलाकर जिस विश्वास के साथ आप सबने लोकसभा भेजा है उसे पूरा करने के लिए वे वचनबद्ध हैं।

इस अवसर पर भाजपा महानगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, महामंत्री रामऔतार कनौजिया, डा. शैलेंद्र शर्मा अटल, मण्डल अध्यक्षगण विशाल गुप्ता, रमन निगम, लवकुश त्रिवेदी, रामशरण सिंह, राकेश पाण्डेय, भाजपा के सभी पार्षदगण, मोर्चा व प्रकोष्ठों के प्रभारी समेत क्षेत्रीय जन उपस्थित रहे।