Wednesday , July 3 2024

अधिकारियों से बोले विधायक डा. नीरज बोरा, जानकीपुरम में न हो जलभराव

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया जानकीपुरम का दौरा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तरी सीट से विधायक डा. नीरज बोरा ने रविवार को जानकीपुरम के जलभराव वाले सम्भावित स्थानों का दौरा किया। मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश में क्षेत्र के लोगों को समस्या न हो इसके लिए त्वरित जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाय और संबंधित कर्मचारी अलर्ट मोड में रहें।

क्षेत्रीय नागरिकों के बीच नगर निगम, जलकल और सुएज के अधिकारियों को लेकर रविवार की दोपहर जानकीपुरम के सेक्टर जी में पहुंचे विधायक डा. नीरज बोरा ने लोगों का फीडबैक लिया और प्रशासन द्वारा जलभराव से मुक्ति के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। गत वर्ष बरसात में लोगों के घरों में पानी भरने से हुई असुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार समय पूर्व तैयारियां की जा रही हैं।

जानकीपुरम की जलनिकासी हेतु विधायक डा. नीरज बोरा ने गत वर्षों में पम्पिंग स्टेशन में नये पम्प भी लगवाये हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों की साफ-सफाई, नाली का लेवल सही करने, जलभराव वाले सम्भावित स्थानों पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा सीवर की समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मौके पर नगर निगम के जोनल अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री, अधिशासी अभियन्ता अतुल मिश्रा, सहायक अभियन्ता विनोद चन्द्र पाठक, जलकल के अधिशासी अभियन्ता शशि गुप्ता, जेडएसओ जितेन्द्र गांधी आदि मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय नागरिकों में एके त्रिपाठी, अवधेश कुमार तिवारी, अमित त्रिपाठी, राकेश पांडेय, संजय तिवारी, सतीश वर्मा, दिव्यांशी शुक्ला, राकेश सिंह, सौरभ त्रिवेदी, देवशरण वर्मा, सागर सक्सेना, पार्षद राजकुमारी मौर्या समेत अन्य भी उपस्थित रहे।