Saturday , July 27 2024

लखनऊ पूर्वी : भाजपा प्रत्याशी ने बाईक रैली व पदयात्रा कर दिखाया दमखम, उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पांचवें चरण के चुनाव प्रचार का शोर शनिवार शाम थम गया। अंतिम दिन लखनऊ पूर्वी से भाजपा प्रत्याशी ओपी श्रीवास्तव ने बाईक रैली व पदयात्रा कर दमखम दिखाया। जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह गोमतीनगर में बाइक रैली और शाम को डंडईया बजार में पदयात्रा यादगार बन गई। इस दौरान पूर्व पार्षद नरेंद्र देवड़ी, शेखर श्रीवास्तव, पल्लव शर्मा सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लखनऊ संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह और पूर्वी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी ओपी श्रीवास्तव के समर्थन में विशाल पदयात्रा और बाइक रैली निकाली गई। बाइक रैली मनोज पांडे चौराहे से शुरू होकर गोमती नगर, इंदिरा नगर के विभिन्न वार्डों में होते हुये चुनाव कार्यालय पर सम्पन्न हुई। ओपी श्रीवास्तव ने बाइक रैली में उपस्थित युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लखनऊ राजनाथ सिंह को लगातार तीसरी बार संसद भेजकर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। आपके वोट की ताकत से 370 को हटा चुके हैं। राम मंदिर का निर्माण कर चुके हैं। इसी तरह आगामी 20 मई को जब वोट देने जाए तो राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए ईवीएम का बटन दबाएं।  

आज पीओके में लहरा रहा है भारत का झंडा : सुधांशु त्रिवेदी

ओपी श्रीवास्तव की बाइक रैली और पदयात्रा में सुधांशु त्रिवेदी के शामिल होने से पूरा माहौल भाजपा मय हो गया। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि चुनाव का अंतिम चरण सबके भले का मार्ग प्रशस्त करेगा। भारत दुनिया की 5वी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत विश्व का पहला देश है, जो चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचा है। पीएम मोदी ने उस पॉइंट का नाम शिव शक्ति पॉइंट रखा है। मोदी सरकार ने विभिन्न कार्यों से नारी शक्ति को आगे बढ़ाया है। 

उन्होंने कहा कि एक दौर था, जब कश्मीर में पाकिस्तान के झंडे लहराते थे और हमारे देश के सत्ताधारी कहते थे कि हम आपसी प्रेम के कबूतर उड़ाएंगे। आज पीओके में भारत का झंडा लहरा रहा है। अगर आप वोट डालने नही गए तो ये ना सोचियेगा की आपका वोट नही पड़ा बल्कि ये जान लीजियेगा कि वो वोट देश के टुकड़े करने वाले लोगों के हित में पड़ गया। इसके साथ ही उन्होंने राजनाथ सिंह और पूर्वी विधानसभा के प्रत्याशी ओपी श्रीवास्तव को रिकॉर्ड मतों से जिताने की अपील की।