Saturday , July 27 2024

कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार में सपा पार्टी भी बराबर की हिस्सेदार : मुख्यमंत्री धामी

विपक्ष के लोग कभी नहीं चाहते थे कि भगवान राम अपने जन्म स्थान पर विराजित हों : पुष्कर सिंह धामी

सीतापुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धौरहरा क्षेत्र से वो भली भांति परिचित हैं, इस क्षेत्र से उनकी कई पुरानी यादें जुड़ी हुई हैं। जनता ने रेखा वर्मा को सांसद बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड में आज से चार धाम यात्रा शुरू हो गई है। वो स्वयं श्री केदारनाथ के कपाट खुलने के अवसर पर मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहाकि सपा बसपा की सरकारों में उत्तर प्रदेश के अंदर गुंडा माफिया, अपराधी हावी हुआ करते थे। सब जगह वसूली गैंग के लोग हुआ करते थे। अपराधी बेखौफ होकर घूमते थे। इन अपराधियों पर लगाम लगाने का काम उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने किया है। अपराधियों पर लगाम के साथ ही उत्तर प्रदेश का विकास हुआ है। डबल इंजन की सरकार में अब हाईवे, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, के साथ ही लखनऊ में बीते वर्ष हुए इन्वेस्टमेंट समिट से लाखो करोड़ो की योजनाओं के करार हुए हैं।

श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में ऐतिहासिक फैसले हुए हैं। कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। देश में सीएए कानून लागू कर दिया गया है, तीन तलाक का भी खात्मा कर दिया गया है। भगवान श्री राम का अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य हुआ है। उन्होंने कहाकि विपक्ष के लोग कभी नहीं चाहते थे कि भगवान राम अपने जन्म स्थान पर विराजित हों। विपक्ष के लोगों ने मंदिर न बने इसके लिए हर संभव प्रयास किए, परंतु प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में ये कार्य पूरा हुआ।

उन्होंने कहाकि हाल ही आए एक जनसंख्या आंकलन में 1950 से अब तक देश में बहुसंख्यक हिंदू आबादी को घटती संख्या में दिखाया गया है। ऐसा देश में सबसे अधिक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी के शासन के कारण हुआ है। एक ही पार्टी और परिवार के कारण देश में हिंदुओ की आबादी घटती रही और ये लोग हमारे समाज को जातिवाद में बांटकर बड़ा षड्यंत्र रच रहे हैं। विपक्ष अपने स्लीपर सेल को आगे कर मोदी जी को रोकने का प्रयास कर रहा हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का हर वोट सीधा प्रधानमंत्री को ताकत प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड पहला राज्य बन गया है जहां हमने अपने वादे अनुसार समान नागरिक संहिता लागू किया है। समान नागरिक संहिता की गंगोत्री देवभूमि से शुरू हुई है वह पूरे देश में जायेगी। उन्होंने कहाकि उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून, लैंड जिहाद पर कार्यवाही, दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून का निर्णय लिया गया है। देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहे इसके लिए सभी काम किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मां पूर्णागिरि दर्शन के लिए जाते हैं। उन्होंने सभी को पूर्णागिरि मंदिर के साथ चार धाम यात्रा हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने कहाकि सब भली भांति परिचित हैं कि सपा बसपा की सरकारों में यूपी में बहन बेटियों की सुरक्षा खतरे में होती थी। सत्ता के संरक्षण में पलने वाले माफिया अपराध करते थे। जगह जगह दंगे हुआ करते थे। पर योगी जी के आने के बाद माफिया राज पूर्ण रूप से बंद हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार हटाओ कहते हैं तो कांग्रेस मोदी जी को हटाने की बात करती है। देश विरोधी शक्तियां भी मोदी जी को रोकने का प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस के लोग विरासत टैक्स लगाकर आम जनता की संपत्ति का 55 प्रतिशत उनसे छीनकर वर्ग विशेष के लोगों को देने की बात करती है। इसी प्रकार ओबीसी का आरक्षण छीन वर्ग विशेष के लोगो को देने का कार्य कर दिया है। कांग्रेस पार्टी की इस साजिश में सपा पार्टी भी बराबर की हिस्सेदार है। उन्होंने कहाकि कांग्रेस, सपा, बसपा की पार्टी केवल अपना अस्तित्व बचाने के लिए वोट मांग रही है। सपा, बसपा, कांग्रेस के लोग सनातन और आरक्षण के विरोधी हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी रेखा वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला प्रभारी नीरज सिंह, विधायक शशांक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।