अपराधिक व्यक्तियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त, अवैध शस्त्र बनाने वाले 172 केन्द्र सीज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस, आयकर, आबकारी, नार्कोटिक्स एवं अन्य विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। सघन जॉच के लिए 464 अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट तथा 1728 चेक पोस्ट राज्य के भीतर संचालित हैं। 

16 मार्च से 08 मई, 2024 तक पुलिस विभाग द्वारा अपराधिक व्यक्तियों के 536 लाइसेंसी शस्त्र जब्त किये गये। 4704 लाइसेंसी शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त कर जमा कराये गये। इसी प्रकार शांति भंग की आशंका में सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 27,10,950 लोगों को पाबन्द किये जाने हेतु नोटिस प्रेषित किये गये है, जिनमें से 24,16,602 लोगों को पाबन्द किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा 8996 बिना लाइसेंसी शस्त्र, 9084 कारतूस, 3019.32 किलोग्राम विस्फोटक व 514 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 3978 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 172 केन्द्रों को सीज किया गया।

08 मई को पुलिस विभाग द्वारा सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए 22,923 लोगों को पाबन्द किया गया। इसके अतिरिक्त बिना लाइसेंस के 50 शस्त्र, 49 कारतूस व 06 बम बरामद कर सीज किये गये। पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र बनाने वाले 36 केन्द्रों पर रेड डाली गयी और 01 केन्द्र को सीज किया गया।