श्रीरामलला के लिए तैयार हो रहा छप्पन भोग, भक्तों को मिलेगा धनिया की पंजीरी का प्रसाद

अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राम नवमी पर रामलला के दिव्य दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद में धनिया की पंजीरी मिलेगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे राम जन्मोत्सव का सीधा प्रसारण देखें। अपने ही स्थान पर पूजा अर्चना करें। अयोध्या में आए हैं तो अपने गुरु स्थानों पर आयोजित होने वाले राम नवमी उत्सव में सम्मिलित हों। श्रीराम लला मंदिर में बहुत भीड़ के लिए स्थान कम है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय ने बताया कि दर्शन मार्ग पर छाया के लिए जर्मन हैंगर लगाए गए हैं। पैर जलने से बचें रहें इसके लिए मैट बिछाई जा रही है। सात कतारों में दर्शनार्थी मंदिर तक पहुंचेंगे। दर्शन मार्ग पर पीने के पानी और टायलेट का भरपूर इंतजाम किया गया है। प्रसाद के निमित्त धनिया की पंजीरी की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। यह फलाहार की श्रेणी में आती है और स्वास्थ्यकर है।

महामंत्री ने निवेदन किया है फसल की कटाई, मड़ाई करके अनाज सहेज लें। शादी-ब्याह निबटा लें, फिर आराम से दर्शन करने आएं। उधर, एक पदाधिकारी की देखरेख में श्रीराम लला का छप्पन भोग तैयार किया जा रहा है।