लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कार्यकर्ताओं के साथ कैसे काम करना है यहां की परिस्थितियों को समझ कर सभी को कैसे सक्रिय करना है, यह बहुत अनुभव है। अनुभव में सबसे बड़ा अनुभव है कि जब मैं पहली बार उत्तर प्रदेश आया तो पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेता ने मुझको समझाया। उस बात को मैं आप सबके साथ साझा करता हूं। रविवार को आयोजित महानगर बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करते हुए उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहीं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन का कार्य करने के लिए आए हो जितना तुम नीचे जाओगे उतना भारतीय जनता पार्टी का संगठन समझ में आएगा। जब मैंने प्रभास करना शुरू किया तो मुझे समझ में आया कि संगठन के कार्यकर्ताओं की एक बहुत बड़ी ताकत है, जिसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। आज नमो ऐप, विकसित भारत एम्बेसडर जैसे हर अभियान में उत्तर प्रदेश देश के प्रथम स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं, सबसे ज्यादा सांसदों, सबसे ज्यादा विधायकों, सबसे ज्यादा राज्यों में सरकार वाली पार्टी है। संगठन का एक स्वरूप जो दिखाई देता है आज केवल देश ही नहीं दुनिया का हर व्यक्ति समझना चाहता है कि भारत के अंदर काम करने वाली भाजपा का संगठन कैसे इतना बड़ा संगठन बना है। 24 घंटे के अंदर सूचना मिलते ही अपने काम को पूरा करने की क्षमता रखने वाले एक बड़े कार्यकर्ताओं की टीम तैयार है।देशभर में लोकसभा के चुनाव चल रहे हैं और चुनाव के लिए सभी सोचते हैं कि चुनाव जीतना है। चुनाव के माध्यम से ही हम अपने संगठन का विस्तार करते हैं। जब चुनाव हम जीत कर आते हैं तो आपकी नीति और कार्य शैली से समाज में आपकी स्वीकार्यता बढ़ती है। चुनाव के साथ आप जिस विचारधारा को लेकर चल रहे हैं कुछ विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का काम हमने किया है और समाज हमारे नेतृत्व को स्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भविष्य में जिन क्षेत्रों या समाज के जिन व्यक्तियों तक हम नहीं पहुंचे हैं, हर उस व्यक्ति तक पहुंचने के यह चुनाव बड़ा माध्यम है। हमारी योजना संरचना चुनाव में ऐसी होनी चाहिए कि हम उन तक भी पहुंच सके। सुनील बंसल ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज बदलना है। हम समाज में परिवर्तन करना चाहते हैं ‘राज नहीं समझ बदलना है’ यह नारा हम लगाते है। समाज बदलने के लिए आवश्यकता है कि पहले हमें राज बदलना है और समाज में बदलाव के इस सपने को साकार करने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में समाज बदलने की पूरी प्रक्रिया देश में शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले का समाज कैसा था यह सभी ने देखा था, जब परिवारवाद, तुष्टिकरण और निजी स्वार्थ के लिए सरकारें काम करती थी। परंतु पिछले 10 वर्षों में मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने सभी वर्गों और समाज को समान रूप से योजनाओं लाभ देने का कार्य किया है। हमने पिछले 10 वर्षों में अपनी विरासत को भी आगे बढ़ने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में चुनाव जीतने में आप सभी बूथ अध्यक्षों का बड़ा महत्व है। 18 करोड़ सदस्य हैं और बूथ पर काम करने वाले 3 करोड़ से ज्यादा कर्मठ कार्यकर्ता है। आप सब पार्टी के सेनापति और पार्टी के राजदूत हैं। सेनापति और राजदूत का कार्य पहले समय भी यही होता था कि अपनी राज्य की सीमाओं का विस्तार करना, अपने क्षेत्र को मजबूत किले के रूप में रखना। इसी भूमिका में आपको कार्य करना है। सुनील बंसल ने कहा कि लखनऊ में 5 लाख के अंतर से चुनाव जीतने के लिए लक्ष्य निश्चित करना होगा कि हर बूथ पर जीत का मत प्रतिशत बढ़े। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर बूथ पर पन्ना प्रमुखों की बैठक भी करना है।

वरिष्ठ नेता नीरज सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उनके समर्पण भाव और दायित्वों का अच्छे से निर्वहन के लिये नमन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की उपयोगिता के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी महती भूमिका निभाने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि लखनऊ लोकसभा में कुल 1893बूथ, 457 पोलिंग, 89 वार्ड, 334 शक्ति केंद्र है। 21 मंडलों में ए श्रेणी के 1508, बी श्रेणी के 161, सी के 224 बूथ है। जिसमें सभी बूथ अध्यक्ष गठित हो चुके हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को 400 पार का लक्ष्य यदि कोई दिला सकता है तो वह पार्टी का बूथ अध्यक्ष ही दिला सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक पंकज सिंह ने कहा कि आप सब बूथ के कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत है। हमारे देश के प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृहमंत्री और सभी वरिष्ठ नेताओं को अपने कहते सुना होगा कि अब भारतीय जनता पार्टी को अगले 50 साल में कोई हिला नहीं सकता है और उनका यह दावा वह अपने बल पर नहीं करते हैं बल्कि कर्मठ और तपस्वी कार्यकर्ताओं के बल पर करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि भारत माता के मस्तक को ऊंचा करने के लिए और भारत विश्व का नेतृत्व करें ऐसे भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ नीरज बोरा ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, मंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक नोएडा पंकज सिंह, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण, संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष लखनऊ प्रभारी त्र्यंबक त्रिपाठी, धर्मेंद्र सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, एमएलसी मुकेश शर्मा रामचंद्र प्रधान, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, राजीव मिश्रा, अनुराग श्रीवास्तव, विधानसभाओं के संयोजक सहसंयोजक, प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।