Monday , February 16 2026

जयंती पर पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन को अर्पित की श्रद्धांजलि

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश व बिहार के पूर्व राज्यपाल स्मृतिशेष लालजी टंडन ‘बाबूजी’ की जयंती पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा, पार्षद अनुराग मिश्रा हजरतगंज स्थित प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके नमन किया।

उन्होंने कहा कि श्रद्धेय बाबूजी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। राष्ट्रवाद तथा जन कल्याण की उनकी विचारधारा ने भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है।

श्रद्धेय टंडन जी के सुपुत्र अमित टंडन और सुबोध टंडन द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्वाह्न भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक नोएडा पंकज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, वरिष्ठ नेता नीरज सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर बाबूजी के योगदान को स्मरण किया।